Punjab News: पूर्व भाजपा पार्षद के भाई पर हमला, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहित 10 पर केस दर्ज
Punjab News भाजपा के पूर्व पार्षद मनीश धवन के भाई पर हमले के आरोप में जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सहित 10 लोगों पर केस दर्ज हुआ है। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है और घायल पूर्व पार्षद के भाई का लुधियाना में इलाज चल रहा है।
फिरोजपुर, जागरण टीम: भाजपा के पूर्व पार्षद मनीश धवन के भाई पर पुरानी रंजिश के कारण हमला करने के आरोप में थाना सिटी पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष, नगर कौंसिल के प्रधान, दो पार्षदों सहित 10 लोगों पर इरादा कत्ल सहित अन्य धाराओं के तहत एफआइआर दर्ज की है। हमले की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है और गोली लगने से घायल पूर्व पार्षद के भाई का लुधियाना में इलाज चल रहा है।
पुलिस को दिए बयान में घायल संदीप धवन ने बताया कि वह शनिवार की दोपहर अपनी दुकान की तरफ जा रहा था तो मोदी मिल के पास परविंदर सिंह ने उसे रोक लिया और वहां आए लोगों ने उसके साथ तेजधार हथियारों से मारपीट शुरू कर दी। अपनी जान बचाते हुए जब वह भागने लगा और अपने दो अन्य भाइयों को इस बारे बताया तो अन्य लोग भी वहां आ गए।
इस दौरान पिंटू कपाही ने उसे मार देने की नीयत से फायर किए, जोकि उसके पेट में जा लगा। घायल ने आरोप लगाया कि एडवोकेट गुलशन मोंगा आरोपितों की मदद करता है।
थाना सिटी प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुख्यारोपित कांग्रेस पार्षद परविंदर सिंह उर्फ पिंटू कपाही, पवन उर्फ पम्मा मेहत्ता, नगर कौंसिल प्रधान रोहित उर्फ रिंकू ग्रोवर, जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष परमिंदर सिंह हांडा, पूर्व पार्षद मर्कस भट्टी, कश्मीर का बेटा, वरिंदर कटारिया, कुश कटारिया, सोनू कपाही, एडवोकेट गुलशन मोंगा सहित दो-तीन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूर्व पार्षद ने बताया परिवार की जान को खतरा पूर्व पार्षद मनीश धवन ने बताया कि उनका राजनीति को लेकर कुछ लोगों से झगड़ा चला आ रहा था। इससे पहले उक्त लोगों ने उन पर भी गोली चलाने की कोशिश की थी, जिसके बाद उन पर दुष्कर्म का झूठा मामला भी दर्ज करवाया गया था।
मनीश धवन का आरोप है कि कुछ लोग उनकी जान के दुश्मन बने हुए है। उन्होंने कांग्रेसियों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। धवन ने अपने परिवार की जान को भी खतरा बताया है।
गुंडागर्दी नहीं की जाएगी बर्दाश्त
राणा सोढ़ी सीनियर भाजपा नेता राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी पूर्व पार्षद मनीश धवन के घर और परिवार के साथ हमेशा खड़े होने का विश्वास दिलवाया। राणा सोढ़ी ने कहा कि शहर में किसी को भी गुंडागर्दी करने नहीं दी जाएगी।