धान की रोपाई शुरू, खेतों में जुटे किसान
धान की रोपाई शुरू हो गई है। खेत फिर से किसानों से गुलजार हो गए हैं।
संवाद सूत्र, मक्खू (फिरोजपुर) : सीजन के धान की रोपाई शुरू हो गई है, जिसके चलते खेत एक बार फिर से किसानों से गुलजार हो गए हैं, गर्मी तो है, लेकिन धान की रोपाई भी जरूरी है इसी बात को ध्यान में रखते हुए पहले से तैयार बैठे किसान और बाहरी राज्यों से पहुंची लेबर रोपाई के काम में जुट गई है। सरकार की तरफ से आठ घंटे बिजली देने का कुछ हद तक सच साबित हुआ। कुछेक जगह पर बीते दिन आई तेज हवा और आंधी के कारण तार खराब होने की वजह से थोड़ी समस्या जरूर आई, लेकिन बिजली बोर्ड द्वारा धान की रोपाई को मद्देनजर रखते हुए सिचाई के लिए खेतों की मोटरों के लिए बिजली छोड़ दी गई है।
किसान गुरचरण सिंह सोना सिंह हरजीत सिंह रंजीत सिंह दर्शन सिंह गुरबचन सिंह ने बताया कि इस सीजन की धान की रोपाई की तैयारी पहले से ही कर ली थी। दूसरे राज्यों से भी लेबर पहुंच चुकी थी। गांवों में रोपाई का पहला दिन रहा। खेतों में किसानों की तरफ से रोपाई के काम को समय पर पूरा करने के लिए तेजी लाई जा रही है ताकि सीजन के मुताबिक समय पर धान की रोपाई हो जाए और फसल काटी जा सके। कुछेक परिवारों के लोगों को खुद ही धान की रोपाई करते देखा गया। उधर, पावर हाउस मक्खू के अंतर्गत 16 फीडर में खेतों के मोटरों को बिजली सप्लाई दी गई। इनमें से कुछ फीडर में थोड़ी दिक्कत आई, क्योंकि बीते दिन तेज हवाएं चली थी। बिजली कर्मचारियों द्वारा जल्द से जल्द खराब तार फाल्ट ठीक करके बिजली सप्लाई चालू करने का दावा किया जा रहा है। इसके साथ ही धान की रोपाई के चलते सरकार द्वारा बिजली छोड़ने पर किसान खुश नजर आ रहे हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप