दिव्यांग बच्चे को आवारा कुत्तों ने नोचा, पीजीआइ रेफर
बचे की हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआइ चंडीगढ़ में दाखिल करवाया गया है।
संवाद सूत्र, जीरा, (फिरोजपुर) : जीरा के नजदीकी गांव संहेर में आवारा कुत्तों ने एक सात वर्षीय दिव्यांग बच्चे को बुरी तरह से नोच लिया। बच्चे की हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआइ चंडीगढ़ में दाखिल करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार सात वर्षीय गुरुपरमेश्वर सिंह गांव संहेर बीती रात अपने घर के बाहर खेल रहा था। खेलते हुए बच्चा आवारा कुत्तों के झुंड में फंस गया। इस दौरान कुत्तों ने बच्चे को बुरी तरह से नोच लिया और पेट की आंतड़ियां भी खींच ली तथा एक जांघ को बुरी तरह से काट दिया। बच्चे को गंभीर हालत में इलाज के लिए गुरु गोबिद सिंह मेडिकल कॉलेज फरीदकोट भेजा गया. बच्चे की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीजीआइ चंडीगढ़ में रेफर कर दिया। उल्लेखनीय है कि यह बच्चा आर्थिक तौर पर बहुत ही कमजोर परिवार से संबंध रखता है। बच्चे का पिता गुरसिख हैं तथा पाठ करके संगत द्वारा मिली भेंट से जीवन निर्वाह करते हैं। बच्चे के परिजनों व गांव की पंचायत ने पंजाब सरकार से सरकारी खर्चे पर बच्चा का इलाज करवाने की मांग की है।