विधायक ने राधे-राधे संस्था को दी पांच लाख की ग्रांट
जरूरतमंद लोगों को सस्ती सेहत सुविधाएं मुहैया करवाने वाली राधे-राधे वेलफेयर सोसायटी को विधायक परमिदर सिंह पिंकी ने 5 लाख रुपये की ग्रांट दी।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर : जरूरतमंद लोगों को सस्ती सेहत सुविधाएं मुहैया करवाने वाली राधे-राधे वेलफेयर सोसायटी को विधायक परमिदर सिंह पिंकी ने 5 लाख रुपये की ग्रांट दी। इसे संस्था नए ब्लॉक की कंस्ट्रक्शन, जनरेटर सेट के साथ कई कार्यो पर खर्च करेगी।
संस्था 2008 से लोगों की सेवा कर रही है और सेहत संभाल के क्षेत्र में कई कार्य किए हैं। संस्था लगातार नेत्र जांच शिविर लगा रही है और जरूरतमंद मरीजों के ऑपरेशन करवा रही है। हाईटेक पैथोलॉजी लैब स्थापित की है, जहां मार्केट रेट से आधे रेट पर मरीजों के टेस्ट किए जाते हैं। यहां डिजीटल एक्सरे की सुविधा 120 रुपये और ईसीजी की सुविधा 70 रुपये में उपलब्ध करवाई जाती है। संस्था ने हृदय रोग, मनोरोग, ईएनटी रोगों, शुगर और बीपी के इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात किए हैं। लोगों को सस्ती दरों पर दवाइयां भी उपलब्ध करवाई जाती हैं। विधायक ने कहा कि सेहत सेवाओं के क्षेत्र में इन सभी सुविधाओं के साथ सोसाइटी ने एक मील का पत्थर साबित किया है। पिछले पांच साल से हर महीने जरूरतमंद महिलाओं के लिए राशन वितरण कैंप लगाया जाता है। इसमें से 40 के करीब महिलाओं को राशन मुहैया करवा जाता है।
पिंकी ने कहा कि मानवता की सेवा को समर्पित इस संस्था की हौसला अफजाई के लिए यह ग्रांट मुहैया करवाई गई है। संस्था से जुड़े हुए पदाधिकारी चंद्रमोहन हांडा ने कहा कि समाजसेवा के कार्य लगातार जारी रखे जाएंगे। इस मौके पर प्रधान हर्ष हांडा, महासचिव सतीश ग्रोवर, सुच्चा सिंह, सन्नी मेहता, सुभाष बजाज, विनोद मल्होत्रा भी मौजूद थे।