शपथ ग्रहण समारोह में नशे के खिलाफ विधायक जीरा ने अपनी ही सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
पंचायत प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे विधायक जीरा ने नशे के मुद्दे पर अपनी ही कांग्रेस सरकार को जमकर घेरा।
जेएनएन, फिरोजपुर। जिले के करीब पौने नौ सौ गांवों से चुने गए सरपंच, पंचों, जिला परिषद समिति व ब्लॉक समिति सदस्यों के लिए यहां मंडी में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में जीरा के विधायक कुलबीर सिंह जीरा ने अपनी ही सरकार के खिलाफ नशे के मुद्दे को लेकर मोर्चा खोल दिया। शपथ ग्रहण समारोह दिन में सवा 11 बजे रखा गया था। इसमें जिलेभर से हजारों लोग पहुंचे हुए थे। चुने गए सदस्यों को शपथ दिलाने के लिए प्रदेश के वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल भी समागम में आए हुए थे।
शपथ ग्रहण समारोह शुरू होते ही विधायक जीरा अपनी ही सरकार व अधिकारियों को नशे के मुद्दे पर घेरने लगे। समारोह में मंच पर अपनी ही सरकार के खिलाफ विधायक के आक्रामक होते ही कुछ नेता उनको रोकने में लगे रहे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ अधिकारी मिलीभगत कर नशे के मामलों को खारिज करा रहे हैं। उन्होंने 22 मामलों का विवरण भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नशे को रोकने में विफल साबित हुई है।
समारोह में विधायक के अपने ही सरकार के खिलाफ आक्रामक होने पर शपथ ग्रहण को रोक दिया गया। इसके बाद जीरा अपने क्षेत्र के पंच-सरपंचों, जिला परिषद, ब्लॉक समिति सदस्यों तथा समर्थकों के साथ समारोह स्थल से बाहर चले गए। उनको वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने रोकने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुके।