अब अलग-अलग कूड़ा ही डोर-टू-डोर उठाएंगे सफाई सेवक
फिरोजपुर शहर में मोहल्ला सोसाइटियों से जुड़े डोर-टू-डोर सफाई सेवक अब सिर्फ अलग-अलग कूड़ा ही कलेक्ट करेंगे। लोगों को किचन वेस्ट और अन्य कूड़ा अलग-अलग रखना होगा जिसे डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्टर अलग-अलग जगह फेंकेंगे। डीसी चंद्र गैंद ने जिले के सभी प्राइवेट वेस्ट कलेक्टर्स की एक बैठक की।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर : शहर में मोहल्ला सोसाइटियों से जुड़े डोर-टू-डोर सफाई सेवक अब सिर्फ अलग-अलग कूड़ा ही कलेक्ट करेंगे। लोगों को किचन वेस्ट और अन्य कूड़ा अलग-अलग रखना होगा, जिसे डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्टर अलग-अलग जगह फेंकेंगे। डीसी चंद्र गैंद ने जिले के सभी प्राइवेट वेस्ट कलेक्टर्स की एक बैठक की। इसमें डीसी ने सभी वेस्ट कलेक्टर को कहा कि वे सिर्फ नगर काउंसिल की तरफ से चिन्हित सिर्फ 12 जगहों पर ही कूड़ा फेंके। इसके अलावा अगर किसी दूसरी जगह पर कूड़ा फेंका तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उनकी रेहड़ी भी जब्त होगी। सिर्फ चिन्हित स्थानों पर ही कूड़ा फेंके। डीसी ने सभी कलेक्टर्स को बताया फिरोजपुर शहर में 60 कंपोस्ट पिट्स तैयार की गई है, जिसमें गीले कूड़े (किचन वेस्ट) को डाला जाता है। एक निर्धारित समय के बाद इस वेस्ट की खाद बन जाती है, जिसे खेतों में इस्तेमाल किया जाता है।
हर वेस्ट कलेक्टर को अलॉट होगी कंपोस्ट पिट
डीसी ने कहा कि कुछ समय में नई कंपोस्ट पिट्स तैयार की जा रही हैं और हरेक वेस्ट कलेक्टर को एक-एक कंपोस्ट पिट अलॉट कर दी जाएगी और कलेक्टर को अपनी कंपोस्ट पिट में किचन वेस्ट (गीला कूड़ा) डालना होगा। कुछ वेस्ट कलेक्टर्स ने कहा कि उन्हें गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग करने में काफी परेशानी होती है, क्योंकि लोग एक ही डस्टबिन में दोनों तरह का कूड़ा इकट्ठा करते हैं।
ऐसे मामलों में वह सिर्फ उसी घर से कूड़ा कलेक्ट करें, जहां पहले ही कूड़ा अलग-अलग करके रखा जाता है।
रसोई से निकलने वाले गीले कूड़े से बनेगी खाद
डिप्टी कमिश्नर ने शहर के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वह अपने घरों में दो डस्टबिन लगाएं। रसोई वाले किचन वेस्ट के लिए अलग बिन और अन्य कूड़े के लिए अलग डस्टबिन लगाएं। दोनों बिन अलग-अलग करके वेस्ट कलेक्टर को पकड़ाएं, ताकि वह कूड़े का निस्तारण उसी हिसाब से कर सके। उन्होंने घरों से वेस्ट कलेक्ट करने वाले कलेक्टर्स से कूड़ा उठाते समय सेफ्टी किट्स का इस्तेमाल करने के लिए कहा। वेस्ट कलेक्टर्स हाथों में दस्ताने और रिफलेक्टर वाली जैकेट्स का इस्तेमाल करें। नगर काउंसिल के सैनेटरी इंस्पेक्टर सुखपाल सिंह ने कहा कि सभी कलेक्टर घरों से कूड़ा इकट्ठा करके सुबह 11 बजे से पहले-पहले निर्धारित 12 जगहों पर फेंके ताकि यहां से समय पर कूड़ा लिफ्ट करके मेन डंपिग स्टेशन पर फेंका जा सके। गीले कचरे से खाद बनाई जाएगी।