फिरोजपुर में कोरोना के मिले पांच नए केस, दो हुए स्वस्थ
जिले में शुक्रवार को कोरोना के पांच नए केस मिले हैं जबकि दो लोग स्वस्थ हुए हैं।
संवाद सहयोगी, फिरोजपुर : जिले में शुक्रवार को कोरोना के पांच नए केस मिले हैं, जबकि दो लोग स्वस्थ हुए हैं। कोरोना से अब तक जिले में 151 लोगों की जान जा चुकी है। इसके अलावा जिले में पांच नए केस मिलने से अब 22 केस एक्टिव हैं। सेहत विभाग के अनुसार जिले में अब तक 89740 लोगों के टेस्ट किए गए हैं, जिसमें से 4631 पाजिटिव केस पाए गए हैं और 4461 लोग स्वस्थ हुए हैं।
फाजिल्का में चार नए केस, डीसी ने लगाई पाबंदियां
संवाद सूत्र, फाजिल्का : लगातार बढ़ रहे कोरोना मामलों के चलते जहां पंजाब सरकार ने कोरोना हिदायतों का पालन करवाने संबंधी सख्त निर्देश दिए हैं। वहीं अब फाजिल्का में भी नए केस बढ़ने लगे हैं। फाजिल्का जिले में शुक्रवार को चार नए केस सामने आए हैं। जिले में अब तक 3937 कोरोना पाजिटिव केस सामने आए हैं, जिनमें से 3853 लोगों ने कोरोना को मात देने में सफलता हासिल की है, जबकि 73 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। इसके अलावा जिले में अभी भी 11 पाजिटिव केस है।
शुक्रवार को सेहत विभाग की ओर से सत्संग स्कूल फाजिल्का में डा. एरिक, सीएचओ रचना, वर्षा ने 82 सैंपल लिए गए। उधर जिला मैजिस्ट्रेट अरविन्द पाल सिंह संधू ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 1 मार्च से सामाजिक, धार्मिक, खेल, मनोरंजन, अकादमिक, सांस्कृतिक और धार्मिक समारोह व अंदरूनी सभा में 100 व्यक्तियों तक और बाहरी सभा 200 व्यक्तियों से कम रखने के आदेश दिए हैं। जिला मैजिस्ट्रेट ने कहा कि हिदायतों की उल्लंघना करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।