शहीद ऊधम सिंह चौक को खत्म नहीं होने देंगे, क्लॉक टावर बनाने पर विरोध
भाजपा के पूर्व एमएलए सुखपाल सिंह नन्नू और शिरोमणि अकाली दल बादल के प्रवक्ता चरनजीत सिंह बराड़ ने फिरोजपुर के शहीद ऊधम सिंह चौक पर क्लॉक टावर बनाए जाने का विरोध किया है।
संवाद सूत्र, फिरोजपुर : भाजपा के पूर्व एमएलए सुखपाल सिंह नन्नू और शिरोमणि अकाली दल बादल के प्रवक्ता चरनजीत सिंह बराड़ ने फिरोजपुर के शहीद ऊधम सिंह चौक पर क्लॉक टावर बनाए जाने का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि हमारी नई पीढ़ी शहीदों के बारे में कैसे जानेगी, जब प्रशासन की तरफ से अन्य सजावटी चीजों को महत्व दिया जाने लगेगा।
नेताओं ने कहा कि हम आजादी का जो आनंद ले रहे हैं, वह शहीद ऊधम सिंह जी जैसे महान योद्धाओं की शहादत की वजह से है। इनके नाम पर देश कौम प्रति प्यार की सोच के दिए संदेश को मिटाने के यत्नों को कभी भी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। फिरोजपुर शहर में कांग्रेसी सरकार की तरफ से शहीद ऊधम सिंह चौक में घंटा घर बनाने की सूचना है। उन्होंने कहा कि शहीद इतिहास की याद दिलाते हैं, जिसके साथ हमारी आने वाली पीढि़यां उसे समर्पित रहती आईं हैं और प्रेरणा लेती रहेंगी। उन्होंने कहा कि यही फर्क है कांग्रेसी और अकाली दल-भाजपा की सोच में। उनकी सरकार ने आजादी के इन परवानों की शहादत को सजदा करते हुए जंग ए आजादी की यादगार स्थापित करने और दूसरे शहीदों की तरह शहीद ऊधम सिंह के नाम पर सुनाम शहर का नाम रखने का भी फर्ज अदा किया, परन्तु यह कांग्रेसी उनके नाम को रोशन करने की बजाय घटाने को प्राथमिकता देने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यहां पर कोई नया निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।