रेल ट्रेक पर धरना देना पड़ा भारी, 22 नेताओं सहित 1150 किसानों पर केस दर्ज
रेलवे ट्रेकों पर धरने पर बैठे किसानों पर रेलवे सुरक्षा बल ने रेलवे एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं। कुल 1150 किसानों पर मामला दर्ज किया गया है।
जेएनएन, फिरोजपुर। अपनी मांगों को लेकर 18 अक्टूबर को रेलवे ट्रेकों पर धरने पर बैठे किसानों पर रेलवे सुरक्षा बल ने रेलवे एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं। मामले में आरपीएफ पोस्टों पर अलग-अलग धाराओं के तहत 22 किसान नेताओं सहित 1150 किसानों पर मामला दर्ज किया गया है।
किसान संघर्ष कमेटी के पंजाब प्रधान सतनाम सिंह पर भी मामला दर्ज किया गया है। सतनाम सिंह के आह्वान पर ही किसान ट्रेकों पर धरने पर बैठे थे। अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ डिवीजनल सुरक्षा आयुक्त एस सुधाकर ने बताया कि 18 अक्टूबर को किसानों ने मंडल के विभिन्न स्थानों पर धरना देकर रेल का चक्का जाम किया था।
किसानों ने फिरोजपुर-फाजिल्का रेल सेक्शन के झोंक टहल सिंह स्टेशन, फिरोजपुर-जालंधर रेल सेक्शन के बूटेवाला व मक्खू के बीच लोहियांखास और सुल्तानपुर के बीच, अमृतसर-खेमकरण के बीच तथा पठानकोट-बटाला के बीच रेल ट्रेक जाम किया था। रेलवे सुरक्षा बल की तरफ से फिरोजपुर-फाजिल्का सेक्शन के झोक टहल सिंह में जिन लोगों पर नामजद मामला दर्ज किया गया है, उनमें सुखदेव सिंह, धर्म सिंह, मेजर सिंह, कुलदीप सिंह, लखबीर सिंह तथा हरजिंदर सिंह को नामजद करते हुए 150 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया
गया है।
इसी तरह से फिरोजपुर-जालंधर सेक्शन के बूटे वाला व मक्खू सेक्शन पर सुखविंदर सिंह, सुखदेव सिंह, रंजीत सिंह तथा इंदरजीत सिंह को नामजद करते हुए 150 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा फिरोजपुर-जालंधर सेक्शन के लोहियांखास और सुल्तानपुरलोधी के बीच धरना देने वाले लखविंदर सिंह तथा धर्मेंद्र सिंह को नामजद करते हुए 150 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया गया है।
सुधाकर ने बताया कि इनके अलावा अमृतसर-खेमकरण के बीच ट्रैक पर धरना देने के आरोप में सुखदेव सिंह, वचितर सिंह, गुरमेज सिंह, गुरमेल सिंह तथा दिलबाग सिंह को नामजद करने के साथ ही लगभग 250 अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है। इसी तरह से पठानकोट और बटाला रेल सेक्शन पर धरना देने वाले 6 किसानों को नामजद करते हुए 450 अज्ञात पर मामला दर्ज किया गया है।