बुआ की लड़की ने चचेरे भाई के साथ मिलकर करवाया बहन का अपहरण
जिले के एक गांव में युवती ने अपने सगे मामा की लड़की (किशोरी) का अपहरण करवा दिया।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर : जिले के एक गांव में युवती ने अपने सगे मामा की लड़की (किशोरी) का अपहरण करवा दिया। अपहरण करने वाला आरोपित किशोरी का चचेरा भाई है और वह पीड़िता का अपहरण करके उसे चंडीगढ़ ले गया। जब इस मामले की शिकायत पुलिस को दी गई तो आरोपित पीड़िता को बारेके पुलिस चौकी में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर बुआ की लड़की सलमा, शामा, कविष और जिदर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपित आसपास के गांवों और खलचियां के रहने वाले है, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि उसकी बेटी की उम्र 16 साल है। सातवीं की पढ़ाई के बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी थी और पिछले दो माह से वह अपनी बुआ के घर में रह रही थी। छह मई को उन्हें पता चला कि उसकी बेटी का अपहरण हो गया है। जब इसकी शिकायत पुलिस को दी तो पुलिस ने आरोपितों के मोबाइल नंबर को ट्रेस किया। जिसके बाद पता चला कि आरोपित चंडीगढ़ में है। पुलिस ने आरोपितों को चेतावनी दी और कहा कि वह लड़की को लेकर वापस लौट आएं अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद आरोपित 26 मई 2020 को उनकी बेटी को गांव बारेके स्थिति पुलिस चौकी में छोड़ कर फरार हो गए। पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी बेटी दो माह पहले ही बुआ के घर रहने गई थी। वहीं पर उसकी बहन की बेटी सलमा ने उसकी बेटी को साजिश के तहत आरोपितों के चंगुल में फंसा दिया। उन्होंने बताया कि उसके बहनोई ने इस बारे में उन्हें जानकारी दी थी और बेटी के अपहरण होने की शिकायत सबसे पहले बहनोई ने ही पुलिस में दी थी। फिरोजपुर में एक दिन रखने के बाद बिखर गए आरोपित पिता का आरोप है कि उसकी बहन की बेटी सलमा ने उसके बेटी को छह मई को फोन करके घर के बाहर बुलाया था। आरोपितों ने उसकी बेटी को एक दिन फिरोजपुर में रखा और अगले दिन आरोपित उसे लेकर चंडीगढ़ चले गए। पिता के मुताबिक अपहरण करने के बाद आरोपित फिरोजपुर से ही बिखर गए, सलमा कहीं और चल गई। इसी तरह से तीन आरोपित चंडीगढ़ चले गए।