दूध पीते ही मुंह से निकलने लगा झाग, 3 मासूम बच्चियों की मौत; फिरोजपुर में मातम
फिरोजपुर के मोहरे वाला गांव में दूध पीने के बाद तीन मासूम बच्चियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, ...और पढ़ें

फिरोजपुर में दूध पीने के बाद तीन बच्चियों की संदिग्ध मौत, गांव में पसरा मातम। एआई जेनरेटेड फोटो।
HighLights
मोहरे वाला गांव में तीन बच्चियों की संदिग्ध मौत।
दूध पीने के बाद तबीयत बिगड़ी, मुंह से झाग।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग कर रहे हैं मामले की जांच।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर। जिले के गांव मोहरे वाला में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगी बहनें शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि दूध पीने के कुछ ही देर बाद तीनों बच्चियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनके मुंह से झाग निकलने लगा। स्वजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही गांव में तीनों बच्चियों की अचानक मौत होने से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस मामले में कुछ ग्रामीणों की ओर से यह भी चर्चा की जा रही है कि बच्चियों ने दूध पीने के अलावा किसी दुकान से चिप्स, कुरकुरे आदि के पैकेट लेकर खाए थे। ऐसे में बच्चियों की मौत के पीछे केवल दूध ही वजह था या फिर किसी अन्य खाद्य पदार्थ अथवा दूसरी वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी, यह जांच का विषय बना हुआ है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
सीनियर मेडिकल अफसर डॉ. निखिल गुप्ता के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। बच्चियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
उधर, थाना मामदोट पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से स्वजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए टीमों का गठन किया जा रहा है। ये टीमें गांव में पहुंचकर हालात का जायजा लेंगी और बच्चियों की तबीयत बिगड़ने से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेंगी।
फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही तीनों मासूम बच्चियों की मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।