नशे को रोकने के लिए आचार्य चलाए जागरूकता अभियान: डीआईजी
पांच दिवसीय वार्षिक अभ्यास कैंप फाजिल्का के श्री बाला जी धाम के प्रांगण में संपन्न हुआ।
संवाद सहयोगी, फाजिल्का : एकल फाउंडेशन आफ इंडिया के तत्वाधानमें देश भर में चलाए जा रहे एकल स्कूलों के आचार्यो का पांच दिवसीय वार्षिक अभ्यास कैंप फाजिल्का के श्री बाला जी धाम के प्रांगण में संपन्न हुआ। समापन समारोह में सीमा सुरक्षा बल अबोहर रेंज के कार्यवाहक डीआईजी धीरेंद्र कुमार सिंह, उनके साथ 96वीं बटालियन के कमांडेंट नरेश कुमार विशेष मेहमान के रूप में उपस्थित हुए।
भारत पाक सीमा के साथ लगते गांवों के एकल स्कूलों की महिला आचार्यो को संबोधित करते डीआईजी धीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि महिला आचार्य गांव में बच्चों में अच्छी शिक्षा के साथ साथ सरहदी गांवों में असामाजिक गतिविधियों पर भी नजर रखें व शक होने पर बीएसएफ के अधिकारियों व जवानों को सूचना दें। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे को रोकने के लिए आचार्य जागरूकता अभियान चलाकर देश को मजबूत बनाएं। कमांडेंट नरेश कुमार ने कहा कि सीमावर्ती गांवों की लड़कियां सैना व अर्धसैनिक बलों में भर्ती होकर देश भर में सेवाएं प्रदान कर रही हैं। उन्होंने बताया कि समय समय पर सैना में भर्ती होने की पोस्टें निकलती रहती हैं। इसमें भर्ती होने के लिए युवतियों को आगे आना चाहिए। एकल अभियान के जिला प्रधान एलडी शर्मा ने बताया कि इस समय सीमावर्ती गांवों के 360 एकल स्कूलों में बच्चों को सायं कालीन शिक्षा दी जाती है व बच्चों में अच्छे संस्कार भी दिए जा रहे हैं। इस मौके पर एकल के पदाधिकारी चन्न सिंह, जगदीश सिंह, जंगीर सिंह घोघा, चरणजीत सिंह, शिमला रानी व निर्मल रानी ने भी अपने विचार रखे।