यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 22, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शहर पर लगा गंदगी का दाग धुलना सबसे बड़ी उपलब्धि : संदीप जाखड़
स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम द्वारा 13वें से हटकर पांचवां व पूरे प्रदेश में 380 के बजाय इस बार 105वां स्थान प्राप्त करना एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।

संवाद सहयोगी, अबोहर : स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम द्वारा 13वें से हटकर पांचवां व पूरे प्रदेश में 380 के बजाय इस बार 105वां स्थान प्राप्त करना एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। कांग्रेस प्रभारी संदीप जाखड़ ने समस्त इलाका निवासियों को बधाई देते हुए सांसद सुखबीर बादल व भाजपा विधायक अरूण नारंग को जीरो प्रतिशत योगदान पर जमकर कोसा।
संदीप जाखड़ ने कहा कि चोखो अबोहर कार्यक्रम के तहत पूर्व प्रदेश कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ के सक्रिय सहयोग से नगर निगम को सफाई अभियान के लिए भरपूर साधन प्राप्त हुए। बीते एक वर्ष से चलाए जा रहे अपना अबोहर अपनी आभा अभियान को मिले जन समर्थन व सफाई व सीवरेज कर्मियों के सहयोग से अबोहर के माथे से 2017 में लगा गंदे शहर का कलंक मिटाने की दिशा में काफी सफलता मिली है। संदीप जाखड़ ने आसपास सफाई कर्मियों पूजा, सुमित, सुनील के अलावा तीन नन्ही बालिकाओं दिशा, दीप्ति व विधि को सम्मानपूर्वक स्थान दिया जिन्होंने बीते सात माह से निरंतर इस अभियान में सक्रियता से भाग लिया। उन्होंने कहा कि शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने सांसद चुने जाने के बाद अबोहर को गोद लेने की घोषणा की थी लेकिन सांसद कोष से एक रुपया भी स्वच्छता अभियान के लिए नहीं दिया। इसी प्रकार 10 वर्ष तक नगर पालिका पर शासन करने वाली भाजपा के कार्यकाल में अबोहर को 10 सर्वाधिक गंदे शहरों की सूचि में घोषित किए जाने के बावजूद विधायक अरूण नारंग ने भी अपना अबोहर अपनी आभा को नौटंकी ही करार दिया। आम आदमी पार्टी द्वारा सरकारी पोल व अन्य इमारतों पर पोस्टर चिपका कर शहर को गंदा किए जाने के सवाल पर संदीप ने कहा कि पंजाब को गारंटियां देने वाली पार्टी की सोच का इसी से ही अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होने कहा कि आभा स्क्वेयर के निर्माण से होने वाली आय का कुछ हिस्सा सफाई कर्मियों के परिवारों की भलाई पर खर्च किया जाएगा। शहर की मंडी नंबर एक में चल रहे धीमी गति से विकास कार्यों के सवाल पर मेयर विमल ठठई ने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी। इस मौके पर नगर कांग्रेस प्रधान मोहन लाल ठठई के अलावा अपना अबोहर अपनी आभा टीम के सदस्य मौजूद थे।
