शिक्षा का ज्ञान बांटना ईश्वर की पूजा के समान : प्रिंसिपल शर्मा
डीएवी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल अबोहर शिक्षक दिवस मनाया गया।
जागरण संवाददाता, अबोहर : डीएवी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल अबोहर शिक्षक दिवस मनाया गया। सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर प्रिसिपल स्मिता शर्मा, एआरओ कुसुम खुंगर, विद्यालय की पूर्व अध्यापिकाएं मंजू डोडा, सुदेश चावला, सरस्वती रिणवा, सभी को-ऑर्डिनेटर, विभागाध्यक्षों द्वारा पुष्प अर्पित किए। शर्मा ने कहा कि देश के भावी कर्णधारों को सशक्त व जिम्मेदार नागरिक बनाने का भार आज शिक्षकों के कंधे पर है। शिक्षकों को भी अपनी जिम्मेदारी व कर्तव्य को समझते हुए इसे बाखूबी निभाना चाहिए। आज के युवाओं में नैतिकता और चारित्रिक बल का जो अभाव दिखाई दे रहा है, उसने हमारी राष्ट्रीय अस्मिता पर ही नहीं बल्कि, सांस्कृतिक अस्मिता पर भी प्रश्न चिन्ह लगा दिया है। नैतिक मूल्यों के संकट की इस घड़ी में जब देश का बौद्धिक व प्रबुद्ध वर्ग मूल चेतना से हटकर निष्क्रिय सा हो गया है, ऐसे में शिक्षकों का दायित्व और भी बढ़ जाता है।
डीएवी कॉलेज मैनेजिग कमेटी नई दिल्ली के प्रधान पूनम सूरी व मानव संसाधन विकास मंत्रालय भारत सरकार का भेजा गया संदेश भी पढ़ा गया। विद्यालय के शिक्षकों को प्रिसिपल ने प्रतिज्ञा भी ग्रहण करवाई। प्रतिज्ञा में उन्होंने कहा कि शिक्षण अति पुनीत कार्य है व ईश्वर की पूजा के समान है। विद्यालय के नवनियुक्त शिक्षकों ने सोशल मीडिया के उचित उपयोग को दर्शाती एक स्किट भी प्रस्तुत की। शिक्षकों द्वारा समूहगान भी प्रस्तुत किया गया। कई खेल क्रियाएं करवाई गई। इनमें सभी ने उत्साह के साथ भाग लिया। सुबह प्रार्थना सभा में भी ऑनेस्टी सदन के विद्यार्थियों ने खेल गतिविधिया पेश की। कई विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस से संबंधित कविताएं सुनाई।