विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फाजिल्का में सौतेली मां ने बच्ची की बेरहमी से की पिटाई, 5 वर्षीय मासूम ने एम्स में तोड़ा दम; आरोपी गिरफ्तार

Published: Wed, 07 Oct 2026 03:12 PM (GMT+05:30)

अबोहर में पांच वर्षीय बच्ची की पिटाई के बाद बठिंडा एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने ...और पढ़ें

पांच वर्षीय बच्ची ने एम्स में तोड़ा दम, सौतेली मां गिरफ्तार।

पांच वर्षीय बच्ची ने एम्स में तोड़ा दम, सौतेली मां गिरफ्तार।

HighLights

  1. पांच वर्षीय बच्ची की पिटाई के बाद बठिंडा एम्स में मौत

  2. सौतेली मां अक्को बाई को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया

  3. पुलिस ने पहले दर्ज मारपीट के मामले में हत्या की धारा बढ़ाई

संवाद सहयोगी, अबोहर (फाजिल्का)। पक्का सीड फार्म क्षेत्र में मारपीट की घटना में गंभीर घायल पांच वर्षीय बच्ची ने बठिंडा एम्स में उपचार के दौरान सोमवार देर शाम दम तोड़ दिया।

बच्ची की मौत के बाद नगर थाना पुलिस ने पहले से दर्ज मारपीट के मामले में हत्या से संबंधित धारा बढ़ाते हुए उसकी सौतेली मां अक्को बाई को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में लाया गया है।

30 सितंबर को बच्ची के साथ हुई थी मारपीट

जानकारी के अनुसार बच्ची अपने पिता गुरदित्त सिंह और सौतेली मां के साथ रहती थी। आरोप है कि 30 सितंबर को बच्ची के साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई।

उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बठिंडा एम्स रेफर कर दिया। कई दिनों तक उपचार के बाद बच्ची की मौत हो गई।

पुलिस ने बाल सुरक्षा विभाग की सुपरवाइजर हरशरनजीत कौर के बयानों पर पहले मारपीट का मामला दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण मामले की जांच जारी थी। मौत की सूचना मिलने के बाद केस में हत्या की धारा बढ़ाकर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना के बाद इलाके में रोष

घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में रोष है। मोहल्लावासियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की पड़ताल और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कुछ लोगों ने घटना के पीछे संपत्ति संबंधी विवाद की आशंका भी जताई है।

हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नगर थाना पुलिस के प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि आरोपित को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।