पश्चिम बंगाल में खिला कमल तो पंजाब में नाई ने लुटाया प्यार, दिनभर फ्री में काटे दाढ़ी-बाल, कहा- मोदी मेरे गुरु हैं
पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की जीत के बाद फाजिल्का के अबोहर में नवीन सैन चिश्ती नामक नाई ने खुशी में दिनभर मुफ्त दाढ़ी-बाल काटे।
HighLights
फाजिल्का के नाई ने भाजपा की जीत पर मुफ्त सेवा दी
प्रधानमंत्री मोदी को अपना गुरु मानते हैं नवीन सैन चिश्ती
पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर बड़े आयोजन का संकल्प
डिजिटल डेस्क, फाजिल्का। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों ने जहां देश भर के भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है, वहीं पंजाब के फाजिल्का जिले से एक अनोखी तस्वीर सामने आई है। अबोहर की गली नंबर 12 में सैलून चलाने वाले नवीन सैन चिश्ती ने अपनी खुशी को एक खास अंदाज में मनाते हुए दिनभर ग्राहकों की मुफ्त सेवा करने का फैसला किया।
मोदी जी मेरे गुरु: नवीन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जबरदस्त प्रशंसक नवीन ने अपनी दुकान पर आने वाले हर व्यक्ति की दाढ़ी और बाल मुफ्त में काटे। सुबह से ही उनके सैलून पर लोगों का तांता लगा रहा। नवीन के चेहरे पर जीत की खुशी साफ झलक रही थी। नवीन ने अपनी दुकान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर भी लगा रखी है, नवीन उन्े अपना गुरु मानता है।
नवीन ने कहा, "मैं मोदी जी का बहुत बड़ा फैन हूं। मेरी यह दिली तमन्ना थी कि भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ जीत हासिल करे। आज पूरे देश में खुशी का माहौल है और मैं अपनी मेहनत और सेवा के जरिए अपनी इस खुशी को जाहिर कर रहा हूं। मेरा आज का पूरा दिन और मेरी कमाई मोदी जी के नाम समर्पित है।"
भविष्य के लिए भी बड़ा संकल्प
नवीन का मानना है कि आज वह जो कुछ भी हैं, वह प्रधानमंत्री की प्रेरणा की देन है। उन्होंने एक बड़ा एलान करते हुए कहा कि अगर आने वाले समय में पंजाब में भी भाजपा की सरकार बनती है, तो वह इससे भी बड़ा आयोजन करेंगे। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वह अपनी श्रद्धा के चलते आधे रेट पर काम करने जैसे कई संकल्प पूरे कर चुके हैं। सोशल मीडिया पर नवीन के इस अनूठे "सेलीब्रेशन" की खूब चर्चा हो रही है।
(समाचार एजेंसी एएनआई के साथ)
