पंजाब: जलालाबाद में देर रात एनकाउंटर, पुलिस पर गोली चलाने वाले बदमाश के पैर में लगी गोली; 3 हथियार बरामद
जलालाबाद में पुलिस और एक आरोपी मनप्रीत सिंह के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस उसे चक काठगढ़ में फायरिंग के मामले में गिरफ्तार करने गई थी, जब उसने पुलिस पर गोली चला दी।

जलालाबाद में पुलिस मुठभेड़, फायरिंग के आरोपी मनप्रीत सिंह के पैर में लगी गोली।
HighLights
जलालाबाद में पुलिस और आरोपी मनप्रीत सिंह के बीच मुठभेड़ हुई।
आरोपी मनप्रीत सिंह के पैर में गोली लगने से वह घायल हुआ।
पुलिस ने आरोपी से अवैध हथियार बरामद किए, जांच जारी है।
संवाद सूत्र, जलालाबाद (फाजिल्का)। जलालाबाद क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और एक आरोपित के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार दो दिन पहले गांव चक काठगढ़ में एक व्यक्ति पर हुई फायरिंग के मामले में नामजद आरोपित की सूचना पर जब पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए पहुंची तो गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लग गई। जिसको जलालाबाद के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है।
सूचना मिलने पर फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे। घायल की पहचान मनप्रीत सिंह निवासी चक काठगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 25 नवंबर 2026 को गांव काठगढ़ में एक व्यक्ति पर फायरिंग हुई थी, जिससे वह घायल हो गया था।
इस मामले में एफआईआर 27 नवंबर 2026 को थाना सिटी जलालाबाद में दर्ज की गई थी और मनप्रीत सिंह को इस मामले में नामजद किया गया था। एक सूचना के आधार पर जब आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पार्टी ने उसका पीछा किया तो उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली पुलिस की गाड़ी पर लगी।
पुलिस पार्टी ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपित के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक ग्लॉक पिस्तौल, एक .30 बोर पिस्तौल और एक देसी कट्टा बरामद किया है।
आरोपित के खिलाफ पहले भी तीन मामले दर्ज हैं। घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल जलालाबाद में भर्ती करवाया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।