परगट सिंह के दौरे से पहले फाजिल्का में लगे होर्डिंग-बैनर, रविवार को दो कार्यक्रमों में होंगे शामिल
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह के अबोहर दौरे से पहले शहर में होर्डिंग-बैनर लगाए गए हैं, जहां वे दो कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
-1795858029182_m.webp)
परगट सिंह के दौरे से पहले शहर में लगे होर्डिंग-बैनर।
HighLights
परगट सिंह अबोहर में दो कार्यक्रमों में होंगे शामिल
धर्मवीर गोदारा की कांग्रेस में वापसी का कार्यक्रम भी
विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की रणनीति पर नजर
जागरण संवाददाता, अबोहर। विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह के रविवार को प्रस्तावित अबोहर दौरे से पहले पार्टी नेताओं ने अपनी ताकत दिखाने की तैयारी शुरू कर दी है। शहर के विभिन्न हिस्सों में होर्डिंग और बैनर लगाकर नेताओं ने अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई है।
गौरतलब है कि परगट सिंह रविवार को अबोहर में दो अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पहला कार्यक्रम कांग्रेस कमेटी की ओर से फाजिल्का रोड स्थित मान पैलेस में आयोजित किया जाएगा। वहीं, दूसरा कार्यक्रम बल्लुआना क्षेत्र के नेता धर्मवीर गोदारा की ओर से हनुमानगढ़ रोड स्थित संगम पैलेस में रखा गया है।
यह कार्यक्रम गोदारा की कांग्रेस में वापसी के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। प्रदेशाध्यक्ष के दौरे के साथ ही अबोहर सीट से कांग्रेस में टिकट के दावेदारों की संख्या बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
पार्टी में वापसी कर रहे धर्मवीर गोदारा की बल्लुआना हलके की राजनीति में सक्रियता है। हालांकि बल्लुआना विधानसभा क्षेत्र आरक्षित होने के कारण उनकी दावेदारी अबोहर सीट पर बताई जा रही है। वह यहां से कांग्रेस टिकट के दावेदार के रूप में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा रहे हैं। ऐसे में रविवार के कार्यक्रम को उनके शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।
राजनीतिक हलकों में इस आयोजन को अबोहर में कांग्रेस की आगामी चुनावी रणनीति और टिकट के लिए दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। इस बीच पार्टी के जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह सिद्धू ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों में पहुंचने की अपील की है।
वहीं, टिकट की दौड़ में शामिल अन्य नेता भी सोशल मीडिया पर ऐसी ही अपील करते नजर आ रहे हैं। प्रदेशाध्यक्ष परगट सिंह के दौरे के दौरान पार्टी नेताओं की मौजूदगी और कार्यक्रमों में जुटने वाली भीड़ पर भी सबकी नजर रहेगी। इन कार्यक्रमों में कांग्रेस के प्रदेश सहप्रभारी रविंद्र डालमी भी शामिल होंगे।
कांग्रेस के लिए मुश्किल हैं परिस्थितयां
अबोहर क्षेत्र के दोनों विधानसभा हल्कों में अभी कांग्रेस के लिए हालात मुश्किल हैं। अबोहर को कांग्रेस का गढ़ बनाने वाला जाखड़ परिवार अब भाजपा के साथ है। पिछले विधानसभा चुनाव में संदीप जाखड़ ने 37.51 प्रतिशत वोट हासिल कर कांग्रेस को जीत दिलाई थी। जाखड़ परिवार के अलग होने के बाद कांग्रेस का संगठन बिखरा नजर आ रहा है।
बल्लुआना विधानसभा हल्के में भी 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राजिंदर कौर राजपुरा महज 15.8 प्रतिशत वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर रही थी। जबकि 2017 में कांग्रेस प्रत्याशी नत्थूराम ने 46.35 प्रतिशत वोट लेकर जीत हासिल की थी। यहां भी कांग्रेस के लिए अपने पुराने वोट बैंक को दोबारा जोड़ने की बड़ी चुनौती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।