विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फाजिल्का में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, रात 8 बजे बंद की गई बिजली; सायरन बजते ही शुरू हुआ बचाव अभियान

Published: Fri, 27 Nov 2026 08:57 PM (IST)

फाजिल्का में शुक्रवार रात आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

फाजिल्का में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल।

फाजिल्का में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल।

HighLights

  1. फाजिल्का में शुक्रवार रात ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की गई

  2. आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासनिक तैयारियों का परीक्षण किया गया

  3. विभिन्न विभागों ने बचाव कार्यों में बेहतर तालमेल दिखाया

जागरण संवाददाता, फाजिल्का। किसी आपात परिस्थितियों में प्रशासनिक तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार रात फाजिल्का में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल करवाई गई। रात ठीक 8 बजे जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स और आसपास के निर्धारित क्षेत्र की बिजली की लाइटें बंद कर दी गईं।

इसके बाद 8:05 बजे सायरन बजाया गया। सायरन बजते ही सुरक्षा और बचाव से जुड़ी गतिविधियां शुरू हो गईं। अभ्यास के दौरान आग लगने की स्थिति में उसे नियंत्रित करने, प्रभावित स्थान से लोगों को सुरक्षित निकालने और घायलों को प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाने जैसे कार्यों का प्रदर्शन किया गया।

विभिन्न विभागों की टीमों ने आपसी तालमेल से यह दिखाया कि किसी वास्तविक आपात स्थिति में किस तरह तुरंत कार्रवाई करनी है। इस अभ्यास का उद्देश्य केवल ब्लैकआउट करना नहीं, बल्कि बचाव कार्यों की पूरी प्रक्रिया को परखना भी था।

विभागों के बीच तालमेल पर रहा जोर

मॉक ड्रिल में सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने हिस्सा लिया। अभ्यास के दौरान आपात स्थिति में अलग-अलग विभागों की भूमिका, मौके पर पहुंचने, राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने और घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाने के तरीकों की जानकारी दी गई।

इस तरह की रिहर्सल का मुख्य उद्देश्य वास्तविक संकट के समय किसी तरह की अव्यवस्था से बचना और सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।