यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 01, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फसलों का मुआवजा न मिलने पर किसानों ने लगाया जाम
संवाद सूत्र जलालाबाद जिले में ओलावृष्टि और बारिश के कारण खराब हुई फसलों के मुआवजे

संवाद सूत्र, जलालाबाद : जिले में ओलावृष्टि और बारिश के कारण खराब हुई फसलों के मुआवजे की मांग को लेकर कुल हिद किसान सभा की ओर से सोमवार को लाइटों वाला चौक में जाम लगा प्रदर्शन किया गया। करीब एक घंटे तक चले रोष प्रदर्शन के चलते कई वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं रोडवेज बसों के अलावा प्राइवेट व्हीकल भी जाम में फंसे रहे।
इस मौके कुल हिद किसान सभा के प्रदेशाध्यक्ष सुरेंद्र ढंडिया व ब्लाक प्रधान कृष्ण धर्मुवाला ने बताया कि क्षेत्र के दर्जनों गांवों में ओलावृष्टि के कारण हजारों एकड़ फसल तबाह हो चुकी है और लगभग 10 दिन बीत जाने के बावजूद भी प्रशासन की ओर से फसलों की गिरदावरी नहीं करवाई गई है। नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार को बयानबाजी करने के बजाय फौरी तौर पर खराब हुई फसलों का बनता मुआवजा जारी करना चाहिए। इस मौके सर्ब भारत नौजवान सभा के जिला प्रधान हरभजन छपड़ीवाला व जिला पदाधिकारी नरेंद्र ढाबां ने कहा कि अगर प्रशासन ने दो दिन के अंदर गिरदावरी न करवाई तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार खुद को किसानों की सरकार कहती है, लेकिन विभिन्न अधिकारियों, नेताओं द्वारा इन प्रभावित गांवों का दौरा करके केवल आश्वासन ही दिए गए। इस मौके किसान सभा के नेता बलवंत सिंह चौहाना, छिदरपाल छपड़ीवाला, जरनैल सिंह ढाबां, एंटी करप्श्न सोसायटी के नेता अशोक कंबोज, बलवीर सिंह, गुरदीप घुरी, रमेश पीर मोहम्मद, मुखत्यार कमरेवाला, दलजीत सहगल, बलविदर सिंह, बलदेव सिंह आदि मौजूद थे।
