प्रार्थना सभा में बच्चों को बताए आत्मरक्षा के तरीके
राज्य भर में बढ़ रही स्कूली बच्चों के अगवा की वारदातों को देखते हुए बच्चों एवं उनके अभिभावकों में भय पाया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, अबोहर : राज्य भर में बढ़ रही स्कूली बच्चों के अगवा की वारदातों को देखते हुए बच्चों एवं उनके अभिभावकों में भय पाया जा रहा है। बुधवार को श्री रोशन लाल जैन सर्वहितकारी विद्या मंदिर में स्कूल की प्रार्थना सभा में बच्चों को आत्मरक्षा के बारे में बताया गया। प्रिसिपल किरण तिन्ना के निर्देशन में स्कूल स्टाफ द्वारा बच्चों को जानकारी दी गई कि वे किसी भी अजनबी व्यक्ति से कोई वस्तु न लें और न ही उससे बात करें। इस मौके पर बच्चों को आत्मरक्षा के लिए प्रेक्टिकल रूप में बचने के तरीके भी सिखाए गए ताकि वे अपनी रक्षा खुद कर सकें। प्रिसिपल तिन्ना ने बच्चों को अपनी आत्मरक्षा करने एवं अपना आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस मौके स्कूल प्रधान धनपत सियाग, प्रबंधक विक्रम गर्ग और उपप्रधान सीता राम शर्मा ने इस महत्वपूर्ण जानकारी की सराहना की।