फाजिल्का में पैर फिसलने से ड्रेन में गिरे BSF जवान की मौत, पुल पर रेलिंग न होने को लेकर उठे सवाल
फाजिल्का में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास नूरशाह गांव में नाकाबंदी के दौरान एक बीएसएफ जवान का पैर फिसलने से वह ड्रेन में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

फाजिल्का में नाकाबंदी के दौरान पैर फिसलने से ड्रेन में गिरा बीएसएफ जवान।
HighLights
बीएसएफ जवान लक्खा सिंह की ड्रेन में गिरकर मौत
फाजिल्का के नूरशाह गांव के पास हुआ हादसा
ग्रामीणों ने पुल पर रेलिंग न होने पर जताई चिंता
संवाद सूत्र, फाजिल्का। भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित गांव नूरशाह के निकट ड्रेन के पुल पर नाकाबंदी के दौरान एक जवान का पैर अचानक फिसलने से वह ड्रेन में गिर गया, जिसके बाद जवानों द्वारा उसे ड्रेन से निकालकर सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी देते थाना सदर के प्रभारी हरदेव सिंह बेदी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सोमवार रात्रि गांव नूरशाह के निकट बनी ड्रेन में एक जवान का पांव अचानक फिसलने से वह पुल से नीचे गिर गया, जिसको अस्पताल लाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
फिलहाल उन्होंने मृतक की पत्नी के बयान पर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा शव को स्वजनों के हवाले कर दिया है। मृतक जवान की पहचान 19वीं बटालियन में तैनात एएसआइ लक्खा सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के फरीदकोट का रहने वाला था।
ग्रामीण कर चुके हैं पुल पर रेलिंग बनाने की मांग
गांव नूरशाह के ग्रामीण सज्जन सिंह, सुखविंद्र ने बताया कि जिस पुल पर यह हादसा हुआ, उस पुल पर लंबे समय से रेलिंग नहीं है। यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और वह कई बार रेलिंग बनाने की मांग कर चुके हैं। सोमवार को हुआ हादसा भी रेलिंग न होने के कारण हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द इस पुल की रेलिंग को बनाया जाए।
