जहरीली शराब मामले की हो न्यायिक जांच : जायसवाल
जिला तरनतारन अमृतसर और गुरदासपुर के बटाला क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 116 लोगों की हुई मौत पर पंजाब प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष मोना जायसवाल ने शोक व्यक्त किया।
जागरण संवाददाता, अबोहर : जिला तरनतारन, अमृतसर और गुरदासपुर के बटाला क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 116 लोगों की हुई मौत पर पंजाब प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष मोना जायसवाल ने शोक व्यक्त किया। वहीं भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया। भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने सब्जी मंडी चौक से शहर के करीब दो दर्जन क्षेत्रों में काला दिवस मनाते हुए मुंह पर काली पट्टी बांधकर कैप्टन सरकार की नाकामियों और शराब तस्करों को संरक्षण देने के आरोप लगाए।
मोना जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में जहरीली शराब का धंधा मौजूदा कैप्टन सरकार और पुलिस प्रशासन के सहयोग से चलाया जा रहा है। इतने बड़े स्तर पर प्रदेश में जहरीली शराब का बिकना सरकार की मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। मोना जायसवाल ने कहा कि कैप्टन सरकार प्रदेश में नशे को रोकने में पूरी तरह से नाकाम रही है और गांवों के घरों में अवैध तरीके से शराब बनाने के खुलासे से सरकार और पुलिस के दावों पर बड़ा सवाल उठ रहा है। इसके अलावा प्रदेश में कानून-व्यवस्था नियंत्रण से बाहर हो गई है। उन्होंने कहा कि जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के लिए कैप्टन सरकार जिम्मेदार है। प्रदेश सरकार इस हादसे की न्यायिक जांच करवाए। उन्होंने कहा कि जब तक जहरीली शराब बनाने वाले तस्करों और संरक्षकों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती तब तक वह इस विरोध को जारी रखेंगी। इस मौके पर ममता अरोड़ा, कमला सोनी, सुमन गोयल, पुष्पा चौधरी सहित भाजपा प्रदेश सचिव शिवराज चौधरी, जिला प्रधान धनपत सियाग, उत्तर मंडल प्रधान अशोक छाबड़ा, उत्तर मंडल महासचिव गौरव टक्कर, पार्षद मनीराम अडानी मौजूद थे।