किसानों के हित में कृषि संबंधी लाए तीनों कानून : सोढी
प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष दयाल सिंह सोढी ने कहा है कि केन्द्र द्वारा कृषि संबंधी लाए गए तीनों कानूनों से किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिलेगा और आय बढ़ेगी।
जागरण संवाददाता, अबोहर : प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष दयाल सिंह सोढी ने कहा है कि केन्द्र द्वारा कृषि संबंधी लाए गए तीनों कानूनों से किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिलेगा और आय बढ़ेगी। कांग्रेस व अन्य पार्टियों के नेताओं द्वारा भ्रामक व गुमराहपूर्ण बयान देने के मामले पर उन्हें आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि तीनों कानूनों में किसानों की फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में किसी भी तरह के बदलाव की बात नहीं कही गई। सोढी वीरवार को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ व आप के नेता भगवंत मान द्वारा किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि इन नेताओं को पहले केन्द्र द्वारा पारित कानूनों को अच्छी तरह पढ़ना चाहिए फिर सोच समझकर उस पर बयान देना चाहिए। इस मौके पर विधायक अरूण नारंग ने कहा कि पंजाब सरकार की नाकामी के चलते इस बार नकली बीजों के कारण पंजाब के किसानों को करीब चार हजार करोड़ का नुकसान हुआ है और इसके लिए पंजाब सरकार जिम्मेवार है। जिला प्रधान धनपत सियाग ने कार्यक्रम में पहुंचें सभी प्रांतीय व जिला स्तर के अतिथियों का आभार जताया।