विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Punjab News: आप विधायक जगदीप गोल्डी कंबोज के पिता हुए गिरफ्तार, जानिए क्या है पूरा मामला

By Jagran NewsEdited By: Swati Singh
Published: Sat, 22 Apr 2023 10:47 AM (IST)

Punjab News पुलिस ने मामले में सुरिंदर व दो महिलाओं सहित चार पर केस दर्ज किया है। वहीं पिता की ...और पढ़ें

आप विधायक जगदीप गोल्डी कंबोज के पिता हुए गिरफ्तार,
आप विधायक जगदीप गोल्डी कंबोज के पिता हुए गिरफ्तार,

फाजिल्का, संवाद सूत्र। पुलिस ने आम आदमी पार्टी जलालाबाद के विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी के पिता सुरिंदर कंबोज को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ प्रॉपर्टी डीलर सुनील कुमार ने दुष्कर्म मामले में ब्लैकमेल व डरा-धमकाकर वसूली करने की शिकायत दी थी। जगदीप कंबोज सुखबीर बादल को हराकर चर्चाओं में आए थे।

पुलिस ने मामले में सुरिंदर व दो महिलाओं सहित चार पर केस दर्ज किया है। वहीं, पिता की गिरफ्तारी पर विधायक गोल्डी का कहना है कि उनका पिता से कोई संबंध नहीं है। वह लंबे समय से अलग रहते हैं। अगर उन्होंने कोई ठगी की है, तो वह कानूनी प्रक्रिया में कोई अड़चन पैदा नहीं करेंगे। ‘आप’ की नीति जीरो टॉलरेंस की है।

मकान दिखाने के बहाने दुष्कर्म

सुनील ने पुलिस को शिकायत दी थी कि एक जानकार महिला ने उसे 20 अप्रैल को फोन कर कहा था कि उसके पति की तीन वर्ष पहले मौत हो चुकी है। वह कर्ज में डूबी है, इसलिए वह अपना बड़ा मकान बेचकर छोटा मकान खरीदना चाहती है, जिससे वह कर्ज उतार सके। संजय कुमार उसे मकान दिखाने ले गया। उसी दिन शाम को महिला का फोन आया। महिला ने कहा कि उसका बेटा उस पर चरित्रहीन होने का आरोप लगाते हुए उससे मारपीट कर रहा है। इसके बाद महिला की बहू ने भी फोन किया और कहा कि वह (सुनील कुमार) मकान दिखाने के बहाने महिलाओं से दुष्कर्म करता है।

इसके कुछ समय बाद ही सुरिंदर कंबोज का फोन आया और कहा कि उक्त महिला सरकारी अस्पताल में भर्ती होने जा रही है। वह मामले में उसका राजीनामा करवा देगा। इसकी एवज में सुरिंदर ने मामला निपटाने के लिए 10 लाख रुपये की मांग की। सुनील ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। एएसआई अवतार सिंह ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सुरिंदर कंबोज, महिला व उसके बेटे तथा बहू के खिलाफ आइपीसी की धारा 384 (जबरन वसूली), 389 (जबरन वसूली के लिए डराना) के तहत मामला दर्ज करते हुए सुरिंदर व महिला के बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें, आम आदमी पार्टी के सत्ता में आने के बाद पार्टी विधायकों पर आरोप लगते रहे हैं। सरकार ने इस पर तत्काल कार्रवाई की।

प्रापर्टी डीलर सुनील भी केस दर्ज

शिकायतकर्ता प्रापर्टी डीलर पर भी दुष्कर्म का केस दर्ज, गिरफ्तार थाना सिटी पुलिस ने अस्पताल में भर्ती महिला की शिकायत पर प्रापर्टी डीलर सुनील के खिलाफ भी दुष्कर्म का मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने कहा कि मकान दिखाने के बहाने उसे अपने साथ ले गया और उससे दुष्कर्म किया। महिला के मुताबिक उसने इसकी जानकारी बेटे को दी। बेटे ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। डीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि कार्रवाई करते हुए उक्त आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। शिअद ने विधायक गोल्डी की भी गिरफ्तारी की मांग की है।