विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ में नगर कीर्तन में शामिल 45 वर्षीय महिला की मौत, संगत में शोक की लहर

Published: Sun, 22 Nov 2026 08:26 PM (IST)

मंडी गोबिंदगढ़ में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकाले गए विशाल नगर कीर्तन के दौरान एक महिला श्रद्धालु हरविंदर कौर की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।

नगर कीर्तन में शामिल 45 वर्षीय महिला की मौत।

नगर कीर्तन में शामिल 45 वर्षीय महिला की मौत।

HighLights

  1. मंडी गोबिंदगढ़ नगर कीर्तन में महिला श्रद्धालु की दुखद मौत

  2. हरविंदर कौर की अचानक तबीयत बिगड़ने से हुआ निधन

  3. संभावित दिल का दौरा, धार्मिक उल्लास का माहौल गमगीन

दीपक सूद फतेहगढ़ साहिब/मंडी गोबिंदगढ़। प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित मंडी गोबिंदगढ़ में सजाए गए विशाल नगर कीर्तन के दौरान उस समय खुशियों का माहौल गम में बदल गया, जब नगर कीर्तन में शामिल एक महिला श्रद्धालु की अचानक जमीन पर गिरने से मौत हो गई।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरी संगत और क्षेत्र निवासियों में शोक की लहर दौड़ गई है।मृतका की पहचान हरविंदर कौर (45) निवासी हरगोबिंद कॉलोनी, मंडी गोबिंदगढ़ के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ विशाल नगर कीर्तन निकाला जा रहा था।

बड़ी संख्या में संगत गुरु महाराज की पालकी साहिब के साथ शब्द कीर्तन करती हुई आगे बढ़ रही थी।बताया जा रहा है कि हरविंदर कौर भी पूरी श्रद्धा के साथ नगर कीर्तन में शामिल होकर पालकी साहिब के साथ-साथ पैदल चल रही थीं। जैसे ही नगर कीर्तन शहर के रेलवे स्टेशन के नजदीक पहुंचा, तो चलते-चलते हरविंदर कौर की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ीं।

उनके अचानक गिरते ही आसपास चल रही संगत में अफरा-तफरी मच गई।मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और प्रबंधकों ने तुरंत उन्हें संभाला और उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। इस अप्रत्याशित घटना से नगर कीर्तन में शामिल श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं और धार्मिक उल्लास का माहौल एकाएक गमगीन हो गया।

जानकारी के अनुसार, महिला की मौत का कारण अचानक दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ना माना जा रहा है। हालांकि, प्रशासन या अस्पताल की ओर से मौत के वास्तविक कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल पुष्टि सामने नहीं आई है। क्षेत्र के धार्मिक, सामाजिक संगठनों और गणमान्य व्यक्तियों ने इस दुखद निधन पर पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।