विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरहिंद रेल ट्रैक साजिश: आरोपित मोंटू फिर रिमांड पर, SIT खंगाल रही शराब पार्टी और पानीपत कनेक्शन

Published: Sat, 28 Nov 2026 06:12 PM (IST)

सरहिंद-ब्राह्मण माजरा बाइपास पर रेल ट्रैक पर पिलर रखकर हादसे की साजिश के मामले में गिरफ्तार मोंटू को दोबारा दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

सरहिंद रेल ट्रैक साजिश: गिरफ्तार युवक फिर दो दिन के पुलिस रिमांड पर।

सरहिंद रेल ट्रैक साजिश: गिरफ्तार युवक फिर दो दिन के पुलिस रिमांड पर।

HighLights

  1. आरोपी मोंटू को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया

  2. एसआईटी पानीपत सफर और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही

  3. ट्रैक पर पिलर रखने के पीछे असली मकसद तलाशा जा रहा

नवनीत छिब्बर, फतेहगढ़ साहिब। सरहिंद-ब्राह्मण माजरा बाइपास फ्लाईओवर के पास रेलवे के लूप ट्रैक पर सीमेंट के भारी पिलर रखकर बड़े रेल हादसे को अंजाम देने की नाकाम साजिश के मामले में जांच का दायरा और तेज हो गया है।

जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने शनिवार को गिरफ्तार आरोपित 26 वर्षीय मोंटू को रिमांड अवधि पूरी होने पर दोबारा अदालत में पेश किया। एसआईटी द्वारा मामले की तह तक जाने और कई अनसुलझे पहलुओं की गहन पड़ताल का हवाला दिए जाने के बाद अदालत ने आरोपित को फिर से दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

डीएसपी गुरदीप सिंह की अगुवाई में एसआईटी इस साजिश की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है। जांच टीम अब उन लोगों को चिह्नित कर पूछताछ कर रही है, जिनके साथ आरोपित मोंटू ने घटना वाली रात बैठकर शराब पी थी या समय बिताया था।

पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि नशे की हालत में या किसी के उकसावे पर तो इस वारदात को अंजाम नहीं दिया गया, या फिर इस पूरे घटनाक्रम के पीछे कोई और चेहरे छिपे हैं।

जांच का एक बड़ा केंद्र घटना से एक रात पहले आरोपित का पानीपत सफर भी है। एसआईटी इस बात की बारीकी से पड़ताल कर रही है कि मोंटू किसके साथ ट्रक पर पानीपत गया था, वहां किस-किस से मिला और वापसी के बाद उसकी गतिविधियां क्या रहीं। इसके साथ ही पुलिस उसके वित्तीय लेनदेन को भी खंगाल रही है, ताकि किसी बाहरी फंडिंग या बड़े गिरोह की संलिप्तता का पता लगाया जा सके।

पुलिस के हाथ लगे सीसीटीवी फुटेज में मंगलवार रात संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के गुजरने से ठीक दो मिनट पहले (रात 12:17 बजे) एक संदिग्ध युवक टार्च की रोशनी में ट्रैक के पास कुछ देखता और गुजरता नजर आया था। इसी आधार पर बाइपास फ्लाईओवर के पास रहने वाले मोंटू को गिरफ्तार किया गया था, जिस पर पहले से चोरी के तीन मामले दर्ज हैं।

हालांकि, मोंटू की बहन अंजू ने पुलिस पर भाई को बेवजह फंसाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह दिहाड़ी मजदूरी करता है और घटना वाली रात शराब के नशे में घर लौटा था। अब दो दिन के इस नए रिमांड में एसआईटी यह साफ करने की कोशिश करेगी कि ट्रैक पर पिलर रखने के पीछे मोंटू का असली मकसद क्या था और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।

गौरतलब है कि मंगलवार रात 12:19 बजे जम्मू जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस जब सरहिंद-ब्राह्मण माजरा बाइपास फ्लाईओवर के पास से गुजर रही थी, तो ट्रेन के गार्ड की सतर्कता से समानांतर लूप ट्रैक पर रखे 'एफएम' लिखे दो भारी सीमेंट पिलरों का समय रहते पता चल गया था। गार्ड की सूझबूझ से एक बड़ा रेल हादसा टल गया था, जिसके बाद एआईजी जीआरपी अमरदीप सिंह के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।