शहीदों की धरती पर अंतरराष्ट्रीय नगर कीर्तन का भव्य स्वागत
पाकिस्तान के ननकाना साहिब से पांच तख्तों के लिए रवाना हुए नगर कीर्तन का बुधवार को फतेहगढ़ साहिब में भव्य स्वागत किया गया।
जागरण संवाददाता, फतेहगढ़ साहिब : श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव को समर्पित पाकिस्तान के ननकाना साहिब से पांच तख्तों के लिए रवाना हुए नगर कीर्तन का बुधवार की शाम शहीदों की धरती फतेहगढ़ साहिब पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में संगत ने जयकारों की गूंज और फूलों की वर्षा से नगर कीर्तन का स्वागत किया।
नगर कीर्तन के स्वागत को लेकर संगत में भारी उत्साह देखने को मिला। पटियाला से आ रहे नगर कीर्तन के स्वागत के लिए संगत जिले के एंट्री प्वाइंट नंदपुर केशो पर कई घंटे वाहेगुरू का जाप करते हुए इंतजार करती रही। वहीं जिले के जिन मार्गों से नगर कीर्तन को निकलना था उनकी सफाई स्थानीय नगर कौंसिल के कर्मी और नागरिक सुबह से ही करने लगे थे। सभी मार्गों पर संगत की भीड़ जुटी रही।
नगर कीर्तन के आगे-आगे पूरे मार्ग पर जल का छिड़काव और नागरिकों में पूरा श्रद्वाभाव देखने को मिला। नगर कीर्तन में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को सोने की पालकी में सजाया गया था और गुरु नानक देव जी की खड़ाऊ सहित गुरू हरगोबिद राय व गुरू गोबिद सिंह जी के शस्त्रों को एक बस में सजाया गया था।
एसजीपीसी सदस्य करनैल सिंह पंजोली, पूर्व विधायक दीदार सिंह भट्टी, नगर कौंसिल अध्यक्ष शेर सिंह सहित इलाके के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने नगर कीर्तन का स्वागत किया। भट्टी ने कहा कि श्री गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व के अवसर पर दोनों देशों की सरहदी दूरियां खत्म होती प्रतीत हो रही हैं। गौरतलब है कि यह नगर कीर्तन 17 राज्यों और पांच तख्तों से होते हुए 5 नवंबर को सुल्तानपुर लोधी पहुंचेगा।