विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कितना मजबूत होगा भाजपा-अकाली का किला? फतेहगढ़ साहिब की तीनों सीटों पर बदला गणित; छोटे भाई की भूमिका में नहीं रहेगी BJP

Published: Tue, 24 Nov 2026 06:34 PM (IST)

शिअद-भाजपा गठबंधन की वापसी से फतेहगढ़ साहिब जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर नए सियासी समीकरण बन गए हैं। यह गठजोड़ शहरी और ग्रामीण मतदाताओं को एकजुट कर मुकाबले को त्रिकोणीय व कड़ा बना सकता है।

सुखबीर बादल से मिलते अमित शाह। फोटो जागरण

सुखबीर बादल से मिलते अमित शाह। फोटो जागरण

HighLights

  1. शिअद-भाजपा गठबंधन से फतेहगढ़ साहिब में नए समीकरण।

  2. गठजोड़ से मुकाबला त्रिकोणीय और कड़ा होने की संभावना।

  3. ग्रामीण क्षेत्रों में आप-कांग्रेस की पकड़ बड़ी चुनौती।

नवनीत छिब्बर, फतेहगढ़ साहिब। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दोबारा हुए गठबंधन ने फतेहगढ़ साहिब जिले की तीनों विधानसभा सीटों बस्सी पठाना (रिजर्व), फतेहगढ़ साहिब और अमलोह में नए सियासी समीकरण पैदा कर दिए हैं।

पिछले बारह वर्षों के चुनावी आंकड़ों का विश्लेषण बताता है कि शहरी और ग्रामीण मतदाताओं का यह पारंपरिक गठजोड़ एकजुट होने पर मुकाबले को त्रिकोणीय व कड़ा बना सकता है, हालांकि कांग्रेस और आप की मौजूदगी अब भी बड़ी चुनौती है।

वर्ष 2012 और 2017 के विधानसभा चुनावों में सीट बंटवारे के तहत जिले की तीनों सीटों पर शिअद ने ही गठबंधन उम्मीदवार उतारे थे। 2012 में शिअद ने बस्सी पठाना सीट जीती, जबकि फतेहगढ़ साहिब और अमलोह में मामूली अंतर से दूसरे स्थान पर रही। 2017 में कांग्रेस की लहर के बावजूद शिअद तीनों सीटों पर मुख्य प्रतिद्वंद्वी बनकर दूसरे नंबर पर रही।

2019 के लोकसभा चुनाव में शिअद दूसरे स्थान पर रही

वहीं 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में भी फतेहगढ़ साहिब संसदीय सीट से गठबंधन का टिकट शिअद के पास रहा। 2014 के लोकसभा चुनाव में अन्ना आंदोलन से उपजी नई पार्टी (आप) के प्रति लोगों के रुझान के चलते आप का प्रदर्शन बेहतर रहा और उसने यह सीट जीती, जबकि शिअद करीबी मुकाबले में रही। इसके बाद के चुनावों में आप की स्थिति कमजोर हुई, हालांकि 2019 के लोकसभा चुनाव में शिअद दूसरे स्थान पर रही।

गठबंधन टूटने के बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। इस चुनाव में प्रदेश भर में आप की आंधी चली, जिसका असर जिले की तीनों सीटों पर भी दिखा और शिअद-भाजपा के वोट बंट गए। 2022 में दोनों दलों के वोट जोड़ने पर भी वे आप से काफी पीछे रहे, लेकिन कांग्रेस को कड़ी टक्कर देने की स्थिति में दिखे।

इसके महज दो साल बाद हुए 2024 के लोकसभा चुनाव में आप का प्रदर्शन गिरा और उसके वोट प्रतिशत में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। वहीं, अलग-अलग लड़ते हुए भाजपा ने शहरी क्षेत्रों में अपनी पकड़ बढ़ाई और अमलोह व फतेहगढ़ साहिब हलके में शिअद से अधिक वोट हासिल किए, जबकि ग्रामीण बस्सी पठाना में शिअद आगे रही।

फतेहगढ़ साहिब में जीत-हार का अंतर बेहद रोचक

हालांकि अब पहले जैसी स्थिति नहीं है। पहले जहां जिले की तीनों सीटें शिअद के हिस्से आती थी, वहीं अब फतेहगढ़ साहिब और अमलोह सीटों पर भाजपा भी अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रदेश स्तर पर 2012 से 2019 तक गठबंधन का संयुक्त वोट शेयर 30 से 42 प्रतिशत के बीच रहा, जो अलग होने पर 2022 में 24.98 प्रतिशत और 2024 में 31.98 प्रतिशत पर रहा।

फतेहगढ़ साहिब जिले में भी यदि दोनों दलों का मौजूदा आधार वोट एकजुट होता है, तो अमलोह और फतेहगढ़ साहिब में जीत-हार का अंतर बेहद रोचक हो जाएगा। हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों में आप व कांग्रेस की पकड़ और पंथक वोटों का बिखराव गठबंधन के लिए असली कसौटी साबित होगी।

विधानसभा चुनाव (2012–2017) गठबंधन में

चुनाव फतेहगढ़ साहिब अमलोह बस्सी पठाना

2012 उपविजेता (29.9%) उपविजेता (27.2%) विजेता (45.0%)
2017 उपविजेता (28.8%) उपविजेता (31.5%) उपविजेता(23.8%)

विधान सभा चुनाव - 2022

पार्टी फतेहगढ़ साहिब अमलोह बस्सी पठाना
शिअद चौथा स्थान (8.7%) उपविजेता (24.8%) चुनाव नहीं लड़ा
भाजपा तीसरा स्थान (11.3%) चौथा (8.3%) चुनाव नहीं लड़ा
(इस चुनाव में बस्सी पठाना सीट शिअद के नए सहयोगी बसपा के पास और भाजपा के नए सहयोगी पंजाब लोक कांग्रेस के पास थी।)

लोकसभा चुनाव (2014 – 2019) गठबंधन में

चुनाव वर्ष फतेहगढ़ साहिब हलका अमलोह हलका बस्सी पठाना हलका
2014 तीसरा (27.8%) दूसरा (32.14%) तीसरा (27.67%)
2019 दूसरा (30.1%) दूसरा (33.50%) दूसरा (31.40%)

लोक सभा चुनाव 2024

पार्टी फतेहगढ़ साहिब हलका अमलोह हलका बस्सी पठाना हलका
शिअद चौथा स्थान (7.0%) चौथा स्थान (14.0%) तीसरा स्थान (11.3%)
भाजपा तीसरा स्थान (13.6%) तीसरा (18.6%) चौथा स्थान (8.4%)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।