नोएडा से पकड़ा गया पंजाब के फतेहगढ़ साहिब का भगोड़ा एडवोकेट, 6 साल से ढूंढ रही थी पुलिस
फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने 6 साल से फरार भगोड़े वकील तवीश गोयल को नोएडा से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ...और पढ़ें

6 साल से फरार धोखाधड़ी का भगोड़ा वकील तवीश गोयल नोएडा से गिरफ्तार
HighLights
भगोड़ा वकील तवीश गोयल 6 साल बाद नोएडा से गिरफ्तार
सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 3.50 लाख की ठगी
आरोपी पर पहले से ही 10 धोखाधड़ी के मामले दर्ज
दीपक सूद, फहतेगढ़ साहिब। पीओ स्टाफ फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने पिछले 6 वर्षों से फरार चल रहे एक भगौड़े एक एडवोकेट को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तवीश गोयल निवासी मंडी गोबिंदगढ़ के रूप में हुई है, जो पेशे से वकील बताया जा रहा है।
पीओ स्टाफ के इंचार्ज कुलवंत सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ साल 2020 में ब्राह्मण माजरा (सरहिंद) निवासी गुरदीप सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, तवीश गोयल ने गुरदीप सिंह के बेटे को सरकारी बैंक में चपरासी की नौकरी दिलाने के नाम पर 3.50 लाख रुपये लिए थे।
नौकरी न मिलने और पैसे वापस न करने पर पुलिस में मामला दर्ज हुआ था। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत में पेश न होने के कारण आरोपी को भगोड़ा करार दे दिया गया था। पीओ स्टाफ की टीम लगातार उसका पीछा कर रही थी और अंततः उसे नोएडा से काबू कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पर पहले से ही धोखाधड़ी के करीब 10 मामले दर्ज हैं।
इनमें फतेहगढ़ साहिब के तीन मामलों के अलावा मोगा, लुधियाना, फरीदकोट और समराला में दर्ज केस भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
