फतेहगढ़ साहिब में पुलिस का बड़ा एक्शन, धड़ाधड़ काटे चालान; उतरे गाड़ियों के काले शीशे और VIP लाइटें
फतेहगढ़ साहिब में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें रोपड़ बस अड्डा के पास नाकेबंदी कर 70 चालान काटे गए और अवैध कब्जे हटाए गए।
-1789724854572_m.webp)
फतेहगढ़ साहिब में भारी वाहनों का रूट डायवर्ट।
HighLights
रोपड़ बस अड्डा के पास विशेष नाकेबंदी, 70 चालान कटे
अवैध कब्जे हटाए गए, शहर को जाम से मुक्ति का प्रयास
ई-चालानिंग और सीसीटीवी कैमरे से यातायात निगरानी मजबूत होगी
दीपक सूद,फतेहगढ़ साहिब। फतेहगढ़ साहिब जिले में यातायात को सुचारू बनाने और ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में रोपड़ बस अड्डा सरहिंद के पास एसपी आपरेशन्स और डीएसपी फतेहगढ़ साहिब की अगुवाई में विशेष नाकेबंदी की गई। इस दौरान एसएसपी शुभम अग्रवाल ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी देते हुए एसएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि नाकेबंदी के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के लगभग 70 चालान काटे गए हैं।
इसके साथ ही, स्थानीय लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए शहर को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए अवैध कब्जे हटाने का अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि सड़कों पर वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह बन सके।
किन लोगों के खिलाफ होगी कार्रवाई पुलिस ने किया स्पष्ट
अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि बिना नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों, लाल बत्ती व वीआईपी लाइटों के अवैध उपयोग, गाड़ियों में काले शीशे लगवाने तथा वाहनों में किसी भी प्रकार का गैर-कानूनी माडिफिकेशन कराने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी अग्रवाल ने आम जनता से ट्रैफिक नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों से समाज विरोधी या देश विरोधी तत्वों के बारे में तुरंत पुलिस को सूचित करने का अनुरोध किया।
उन्होंने आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी और संबंधित असामाजिक तत्वों पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हाइटेक ई-चालानिंग और सीसीटीवी कैमरे
फतेहगढ़ साहिब में ट्रैफिक व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में जिला पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिला पुलिस प्रमुख ने जानकारी दी कि जिले के प्रमुख नेशनल हाईवे, 4 नंबर चुंगी और बड़ाली थाने जैसी संवेदनशील और व्यस्त जगहों पर अत्याधुनिक हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे और आवश्यक हार्डवेयर सफलता पूर्वक स्थापित कर दिए गए हैं।
— hema sharma nainwal (@Hemanainwal) September 18, 2026
इस नई तकनीक का मुख्य उद्देश्य सड़कों पर होने वाली हर गतिविधि पर पैनी नजर रखना और नियम तोड़ने वालों की पहचान करना है। योजना के अगले चरण में इन सभी कैमरों को सीधे आरटीओ अथारिटी और दिल्ली स्थित सेंट्रल लिंक से जोड़ दिया जाएगा।
इस सेंट्रल कनेक्टिविटी के पूरा होते ही जिले में पूरी तरह से स्वचालित ई-चालान सिस्टम लागू कर दिया जाएगा। इससे क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा और लोग यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के लिए प्रेरित होंगे।
भारी वाहनों का रूट डायवर्ट
एसएसपी शुभम अग्रवाल ने जानकारी दी कि शहर के अंदरूनी रास्तों पर वाहनों के दबाव को कम करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए भारी वाहनों के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया जा रहा है।
इस नई व्यवस्था के तहत, शहर के भीतर प्रवेश करने वाले भारी वाहनों को अब आंतरिक मार्गों से जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को शहर के बाहर से निकालने के लिए शहीदपुर, भैरोंपुर और माधोपुर/जी.टी. रोड के वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया जा रहा है।
अग्रवाल का मानना है कि इस कदम से शहर के मुख्य बाजारों और रिहाइशी इलाकों में बार-बार लगने वाले जाम से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- 22 सितंबर से फिर थमेंगे पंजाब रोडवेज के पहिए, कर्मियों ने दी अनिश्चितकालीन हड़ताल और घेराव की चेतावनी
