विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चन्नी की 'जवानी बचाओ' यात्रा में दिखी कांग्रेस की अंदरूनी कलह, दिग्गज नेता रहे नदारद; जिला अध्यक्ष ने दी सफाई

Published: Thu, 12 Nov 2026 07:32 PM (IST)

चरनजीत सिंह चन्नी की 'जवानी बचाओ' साइकिल यात्रा के खमाणों पहुंचने पर कांग्रेस में अंदरूनी कलह सामने आई। कई प्रमुख ...और पढ़ें

चन्नी की 'जवानी बचाओ' यात्रा में दिखी कांग्रेस की अंदरूनी कलह। फोटो जागरण

चन्नी की 'जवानी बचाओ' यात्रा में दिखी कांग्रेस की अंदरूनी कलह। फोटो जागरण

HighLights

  1. चन्नी की 'जवानी बचाओ' यात्रा में स्थानीय कांग्रेस नेता अनुपस्थित रहे।

  2. यह अनुपस्थिति कांग्रेस में गहरी अंदरूनी गुटबाजी दर्शाती है।

  3. पार्टी आलाकमान को जल्द मतभेद सुलझाने की आवश्यकता है।

दीपक सूद, फतेहगढ़ साहिब। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से लोकसभा सांसद चरनजीत सिंह चन्नी द्वारा युवाओं को जागरूक करने और राज्य की स्थिति को सुधारने के उद्देश्य से श्री चमकौर साहिब से आरंभ की गई 'जवानी बचाओ' साइकिल यात्रा इन दिनों राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। हाल ही में जब यह यात्रा खमाणों पहुची, तो एक तरफ जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी के भीतर चल रही अंदरूनी कलह और गुटबाजी भी पूरी तरह खुलकर सामने आ गई।

खमाणों पहुचने पर यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता अपने चहेते नेता का स्वागत करने के लिए सड़कों पर उतरे। हालांकि, इस भव्य स्वागत के बीच एक कड़वी सच्चाई ने राजनीतिक हलकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम से कांग्रेस के कई दिग्गज और स्थानीय नेता पूरी तरह नदारद रहे।सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की रही कि कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष सुरिंदर सिंह रामगढ़, खमाणों के ब्लॉक प्रधान सरबजीत सिंह, और पार्षद सुखविंदर सिंह जैसे प्रमुख चेहरे इस यात्रा से दूर रहे। दिलचस्प बात यह है कि आगामी चुनावों या टिकट के लिए खुद को प्रबल दावेदार बताने वाले ये नेता इस बड़े जनसमूह वाले कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बने।

इन नेताओं की इस दूरी ने राजनीतिक विश्लेषकों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।कुछ कांग्रेसी नेताओं का मानना है कि इन प्रमुख नेताओं की गैर-हाजिरी पार्टी के भीतर चल रहे आपसी मतभेदों, मनमुटाव और समन्वय की भारी कमी की ओर साफ इशारा करती है।

जब एक तरफ पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद ज़मीन पर उतरकर जनता से जुड़ने का प्रयास कर रहे हैं, वहीं स्थानीय स्तर पर नेताओं का इस तरह किनारा करना कांग्रेस के लिए चिंता का विषय बन सकता है। यदि समय रहते पार्टी आलाकमान ने इन अंतर्विरोधों और गुटबाजी को दूर करने का प्रयास नहीं किया, तो आने वाले समय में यह कांग्रेस की चुनावी संभावनाओं को गहरा नुकसान पहुँचा सकता है।

दावेदारों की दूरी ने उठाए सवाल

एक तरफ जहा स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे थे, वहीं दूसरी तरफ हलका बस्सी पठाना से कांग्रेस पार्टी की टिकट के लिए खुद को प्रबल दावेदार बताने वाले कई बड़े चेहरे इस रैली से पूरी तरह नदारद रहे। इनमें डा.अमनदीप ढोलेवाल,रणजीत सिंह माजरा, डा.नरेश चौहान और इंदरजीत सिंह दीवाना जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं, जो कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुचे।

इन नेताओं की गैर-हाजिरी ने राजनीतिक विश्लेषकों और पार्टी कार्यकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है।इन नेताओं का यात्रा से दूरी बनाना इस बात का संकेत है कि पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। आगामी चुनावों या राजनीतिक गतिविधियों से पहले टिकट के दावेदारों का इस तरह कार्यक्रमों से किनारा करना आपसी खींचतान और समन्वय की कमी को साफ दर्शाता है।

कुछ कांग्रेसी नेताओं का मानना है कि यदि कांग्रेस पार्टी को ज़मीनी स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत रखनी है, तो पार्टी हाईकमान को जल्द ही ऐसे आंतरिक मतभेदों और दूरियों को दूर करना होगा, अन्यथा यह गुटबाजी पार्टी के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है।

कुछ कांग्रेसी नेताओं का मानना है कि कुछ समय पूर्व संपन्न हुए जिला परिषद, ब्लाक समिति और बस्सी पठाना नगर कौंसिल चुनावों के दौरान चरनजीत सिंह चन्नी के भाई डा. मनोहर सिंह ने पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ अपने समर्थकों को चुनावी मैदान में उतारा था।

स्थिति तब और गंभीर हो गई जब कुछ ऐसे चुनावी पोस्टर सामने आए, जिनमें कांग्रेस पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले निर्दलीय उम्मीदवारों द्वारा डा. मनोहर सिंह की तस्वीर का खुलेआम इस्तेमाल किया गया। इस अनुशासनहीनता पर जिला कांग्रेस कमेटी ने पार्टी आलाकमान को बाकायदा शिकायत भी भेजी थी।

उन्हें कोई फोन नहीं आया था

सुरिंदर सिंह रामगढ़ कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष सुरिंदर सिंह रामगढ़ ने स्पष्ट किया है कि उन्हें 'जवानी संभाल' साइकिल यात्रा को लेकर पीसीसी की ओर से बुधवार शाम ही एक पत्र प्राप्त हुआ था। इस संबंध में किसी भी नेता का उन्हें कोई फोन नहीं आया था।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी की तरफ से गुरुवार फतेहगढ़ साहिब में एक अन्य कार्यक्रम में उनकी ड्यूटी तय की गई थी, जिसके चलते वह इस साइकिल यात्रा में शामिल नहीं हो पाए। व्यस्तता और पूर्व निर्धारित सांगठनिक जिम्मेदारी के कारण उनका वहां पहुंचना संभव नहीं हो सका।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।