Move to Jagran APP

आयुष्मान फर्जीवाड़ा मुद्दा ठंडे बस्ते में डालने पर भाजपा मंडल अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

फतेहगढ़ साहिब आयुष्मान भारत सरबत सेहत बीमा योजना के फर्जीवाड़े में नौ माह बाद भी उचित कार्रवाई न होने पर भारतीय जनता पार्टी के सरहिद मंडल अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने पद से इस्तीफा दे दिया।

By JagranEdited By: Published: Wed, 07 Oct 2020 12:32 AM (IST)Updated: Wed, 07 Oct 2020 05:11 AM (IST)
आयुष्मान फर्जीवाड़ा मुद्दा ठंडे बस्ते में डालने पर भाजपा मंडल अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

जागरण संवाददाता, फतेहगढ़ साहिब : आयुष्मान भारत सरबत सेहत बीमा योजना के फर्जीवाड़े में नौ माह बाद भी उचित कार्रवाई न होने पर भारतीय जनता पार्टी के सरहिद मंडल अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने पद से इस्तीफा दे दिया। गुप्ता ने इसके लिए पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप गर्ग को जिम्मेवार ठहराते हुए गर्ग पर पार्टी को कमजोर करने और सत्ता पक्ष से मिलीभगत के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि पूरे देश में फतेहगढ़ साहिब से आयुष्मान के फर्जी कार्ड बनाने का मामला सामने आया था। जिसे प्रमुखता से उजागर करने के बाद भाजपा ने प्रधानमंत्री कार्यालय तक इसकी रिपोर्ट भेजी थी। समय के साथ पार्टी जिलाध्यक्ष ने अपनी जिम्मेवारी को बखूबी नहीं निभाते हुए इस फर्जीवाड़े में सत्ता पक्ष को नहीं घेरा। पुलिस ने कामन सर्विस सेंटर संचालक के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने के बाद भी पार्टी स्तर पर प्रदर्शन करके सभी आरोपितों को केस में नामजद करने की मांग तक नहीं की गई। वे बार-बार जिलाध्यक्ष से गुहार लगाते रहे कि इस फर्जीवाड़े के लिए गहराई तक संघर्ष किया जाए। लेकिन जवाब में उन्हें यही सुनने को मिलता था कि वे (गर्ग) खुद प्रशासन से बात कर लेंगे। यही नहीं, गुप्ता ने आरोप लगाया कि अमलोह में सरकारी राशन में सुंडी पड़ने के मामले को भी भाजपा ने रफादफा कर दिया। जनहित से जुड़े इन मुद्दों में जब जिला टीम ने कोई कार्रवाई नहीं की, तो मजबूरन अब उन्हें पार्टी पद से इस्तीफा देना पड़ा। गुप्ता ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी से जुड़े रहेंगे। लेकिन जिलाध्यक्ष गर्ग की अगुवाई में किसी पद पर काम नहीं करेंगे।

loksabha election banner

कृषि सुधार कानून का भी विरोध, दस अन्य पदाधिकारियों ने दिए इस्तीफे

भाजपा जिला फतेहगढ़ साहिब के पदाधिकारियों ने कृषि सुधार कानून का विरोध करते हुए अपने पद छोड़ने का एलान किया। भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश सचिव गुरदीप सिंह जंजुआ, चेयरमैन पीएडीवी दर्शन सिंह बब्बी, खमाणों मंडल अध्यक्ष राजिदर सिंह मंडेरा, शमशपुर मंडल अध्यक्ष जसविदर सिंह, खमाणों मंडल उपाध्यक्ष जसवंत सिंह धनौला, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष जसवंत सिंह, मंडल सचिव तरसेम सिंह जंजुआ, शमशपुर मंडल उपाध्यक्ष गुरसेवक सिंह, महासचिव तेजिदर सिंह व चनार्थल मंडल के पूर्व अध्यक्ष नरिदर सिंह ने कृषि सुधार कानून के विरोध में इस्तीफे दिए हैं। सरहिद मंडल अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने भी इनका समर्थन करते हुए कृषि सुधार कानून को पंजाब विरोधी करार दिया। पार्टी के लिए दिन-रात कर रहे मेहनत : गर्ग

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप गर्ग ने कहा कि पार्टी के लिए दिनरात एक कर मेहनत कर रहे हैं। आयुष्मान फर्जीवाड़े की सारी रिपोर्ट केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन को भेजी हुई है और केंद्रीय स्तर पर काम हो रहा है। राशन में सुंडी की रिपोर्ट भी प्रदेशाध्यक्ष के माध्यम से केंद्र तक भेजी गई है। कहीं पर भी कमी नहीं छोड़ी गई और न ही किसी से मिलीभगत है। बाकी पदाधिकारियों के इस्तीफे की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। यदि परिवार में कोई गिला शिकवा है तो वे उनसे मिलकर दूर करेंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.