विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में बड़ा हादसा, क्रेनें टकराने से शेड गिरा; 3 मजदूरों की मौत और एक घायल

Published: Tue, 03 Nov 2026 07:58 PM (IST)

पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ स्थित लक्ष्मी री-रोलिंग मिल में दो क्रेनें टकराने से शेड गिर गया, जिसमें तीन प्रवासी मजदूरों ...और पढ़ें

मंडी गोबिंदगढ़ की मिल में क्रेनें टकराने से तीन मजदूरों की मौत, एक गंभीर।

मंडी गोबिंदगढ़ की मिल में क्रेनें टकराने से तीन मजदूरों की मौत, एक गंभीर।

HighLights

  1. मंडी गोबिंदगढ़ मिल में क्रेनें टकराने से शेड गिरा।

  2. हादसे में तीन प्रवासी मजदूरों की मौके पर मौत।

  3. एक मजदूर गंभीर घायल, चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया।

हितेश शर्मा, मंडी गोबिंदगढ़। पंजाब के औद्योगिक हब मंडी गोबिंदगढ़ में मंगलवार एक बड़ा हादसा हो गया। तलवाड़ा रोड स्थित लक्ष्मी री-रोलिंग मिल में शेड पर चल रही दो क्रेनें आपस में टकरा गईं, जिससे लोहे का भारी शेड और क्रेनें टूटकर नीचे आ गिरीं।

इस भीषण हादसे में तीन प्रवासी मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की नाजुक हालत को देखते हुए उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 11 बजे की है। मिल परिसर के शेड में लगभग 20 फीट की ऊंचाई पर क्रेन के जरिए माल उठाने का नियमित काम चल रहा था। इसी दौरान तकनीकी चूक या नियंत्रण बिगड़ने से शेड पर दौड़ रही दोनों क्रेनें आपस में भिड़ गईं।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रेन का ढांचा और शेड का हिस्सा भरभरा कर नीचे काम कर रहे मजदूरों पर आ गिरा। हादसे के बाद मिल परिसर में चीख-पुकार मच गई। फैक्ट्री के अन्य कर्मचारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया।

सिविल अस्पताल मंडी गोबिंदगढ़ की डॉ. रितु ने पुष्टि करते हुए बताया कि अस्पताल पहुंचने पर तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि चौथे घायल को प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान लकारू (50 वर्ष, निवासी बेलवा, महराजगंज, उत्तर प्रदेश), हर्ष मिश्रा (24 वर्ष, निवासी सिधवा, गोपालगंज, बिहार) और सतनारायण (निवासी मधुबनी, बिहार) के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल चौथे व्यक्ति का नाम अमरीक सिंह बताया गया है। घायल अमरीक सिंह फतेहगढ़ साहिब के ही गांव भमारसी का रहने वाला है।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई जगरूप सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया है। शुरुआती जांच में हादसा दो क्रेनों की भिड़ंत के कारण होना सामने आया है।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मिल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों की गंभीरता से जांच की जा रही है। लापरवाही के जो भी बिंदु सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।