राष्ट्रीय लोक अदालत में 903 केसों का निपटारा कर 6.39 करोड़ के अवार्ड किए पास
जिला कानूनी सेवा अथॉरिटी ने राष्ट्रीय कानूनी सेवाएं अथॉरिटी के दिशा निर्देशों के तहत फतेहगढ़ साहिब में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया।
संवाद सहयोगी, फतेहगढ़ साहिब : जिला कानूनी सेवा अथॉरिटी ने राष्ट्रीय कानूनी सेवाएं अथॉरिटी के दिशा निर्देशों के तहत फतेहगढ़ साहिब में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया। लोक अदालत में समझौते के लिए रखे 1218 केसों में से 903 केसों का दोनों पक्षों की आपसी सहमति से निपटारा किया गया। इस दौरान 6 करोड़ 39 लाख 36 हजार 193 रुपये के अवार्ड भी पास किए गए। जिला कानूनी सेवा अथॉरिटी के चेयरमैन कम जिला व सेशन निर्भओ सिंह गिल ने लोक अदालत का जायजा लिया। गिल ने बताया कि हर प्रकार के झगड़ों के निपटारे के लिए लगाई गई राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक केसों का निपटारा करने के लिए 9 बैंचों का गठन किया गया था। जिनमें अतिरिक्त सेशन जज बलजिदर सिद्धू, चीफ ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट महेश ग्रोवर, अतिरिक्त सिविल जज डॉ. गगनदीप कौर, सिविल जज जूनियर डिवीजन वरुणदीप चोपड़ा, सिविल जज जूनियर डिवीजन बिसमान मान, सब डिवीजन स्तर पर अमलोह में सब डिवीजन ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट आशीष थथई, सिविल जज जूनियर करनवीर सिंह और खमाणों में सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट सोनाली सिंह के अलावा चेयरमैन स्थाई लोक अदालत जितेंद्र कौर की अदालत में केसों का निपटारा किया गया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में सभी प्रकार के संबंधित केस जैसे कि राजीनामे योग्य फौजदारी केस, चेक बाउंस के केस, शादी और पारिवारिक झगड़ों के केस, श्रम मामलों के केस, जमीन अधिग्रहण के सभी प्रकार के झगड़ों के केस, दीवानी केस जैसे कि किराये संबंधी, बैंक रिकवरी, रेवेन्यु केस, बिजली और पानी के चलते और प्री-लंबित फैसले के लिए रखे गए थे। कहा कि आम लोगों को इस लोक अदालत में भाग लेकर इसका अधिक से अधिक फायदा उठाना चाहिए।