पुर्तगाल भेजने के नाम पर 13 लाख ठगे
बडाली आला सिंह के गांव घेल में रहते जयपाल से पुर्तगाल भेजने के नाम पर एक ट्रेवल एजेंट ने 13 लाख रुपये की ठगी कर ली।
संवाद सहयोगी, सरहिद : बडाली आला सिंह के गांव घेल में रहते जयपाल से पुर्तगाल भेजने के नाम पर एक ट्रेवल एजेंट ने 13 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने जयपाल की शिकायत पर आरोपित लोकेश कुमार निवासी गांव नीलो खेड़ी जिला करनाल (हरियाणा) के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार वह बडाली आला सिंह वाला में सब्जी बेचने का धंधा करता है। कुछ समय पहले उन्होंने पशु बेचकर करीब 13 लाख रुपये की एफडी बैंक में कराई थी। इस दौरान उसके गांव के एक व्यक्ति ने उसे आरोपित लोकेश कुमार के साथ मिलाया। लोकेश कुमार ट्रेवल एजेंट है और करनाल में उसका ऑफिस है। आरोपित ने उसे पुर्तगाल भेजने के नाम पर 13 लाख रुपये वसूले। बाद में उसका 45 दिनों का टूरिस्ट वीजा लगाते हुए वहां जाकर वर्क परमिट दिलाने की बात कही गई, लेकिन उसने रिस्क नहीं लिया और शर्तों के मुताबिक यहीं से वर्क परमिट पर भेजने की बात कही। इस पर आरोपित ने उसे वीजा लगवाने से साफ इंकार कर दिया और उसके रूपये वापस नहीं किए। पड़ताल उपरांत आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरोपित अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।