देरी से दौड़ी रेलगाड़ी, थमी वाहनों की रफ्तार
परविंदर अरोड़ा, कोटकपूरा : कंपकंपाती सर्दी व दिन भर छाए घने कोहरे ने शहर का जनजीवन
परविंदर अरोड़ा, कोटकपूरा : कंपकंपाती सर्दी व दिन भर छाए घने कोहरे ने शहर का जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। दिन भर सूर्य देव के दर्शन न होने से शहर में सन्नाटा छाया रहा। घने कोहरे से सामान्य जनजीवन भी अस्त व्यस्त होकर रह गया। दिन भर सड़कों पर वाहनों का आवागमन कम व धीमा रहा। दोपहर के समय तक वाहन चालक हेडलाइट जलाकर वाहन चलाते नजर आए। लोगों ने भी सफर करने की बजाए घरों में रहने को तरजीह दी। रेल गाड़ियां भी अपने निर्धारित समय से पिछड़कर देरी से चलीं।
स्टेशन मास्टर रामकेश मीणा के अनुसार मुंबई से आने वाली पंजाब मेल निर्धारित समय से करीब छह घंटे लेट आई जबकि जनता एक्सप्रेस करीब दो घंटा देरी से, बठिंडा से अहमदाबाद जाने वाली जम्मू तवी एक्सप्रेस करीब छह घंटे घंटा देरी से व जम्मू की और जाने वाली एक्सप्रेस गाड़ी करीब आधा घंटे की देरी से चली। दिल्ली से आने वाली छिंदवाडा एक्सप्रेस आठ घंटे देरी से आ रही है जबकि देरी के चलते वाया जाखल दिल्ली जाने वाली छिंदवाड़ा एक्सप्रेस व वाया अंबाला-दिल्ली जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस शुक्रवार को रद करनी पड़ी। अन्य रेलेगाड़ियां भी एक से लेकर तीन घटे तक देरी से आने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
कोटकपूरा शहर व आसपास के क्षेत्र में एकदम गिरे तापमान व घने कोहरे ने शुक्रवार को लोगों को दिन भर घरों में दुबके रहने को मजबूर कर दिया। ग्राहकों की आमद न के बराबर होने से बाजार सुनसान रहे।
रेडिमेड ऐसोसिएशन के अध्यक्ष मनतार सिंह मक्कड़ के अनुसार वह करीब एक महीने से मौसम में ठंड का इंतजार कर रहे थे, लेकिन सर्दी के साथ पड़े घने कोहरे के चलते अभी भी गर्म कपड़ों का बाजार जोर नही पकड़ पाया है।
उधर, कीटनाशक विक्रेता प्रदीप ने गेहूं की फसल के लिए इस सर्दी को काफी लाभप्रद बताया व कहा कि अधिक ठंड व कोहरे से फसल का झाड़ बढ़ेगा व फसल को बीमारियों से राहत मिलेगी।