फरीदकोट के कोटकपूरा में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, घर से 15 तोले सोना 6 लाख नकद गायब; सत्संग के लिए गया था परिवार
कोटकपूरा शहर में दिनदहाड़े एक घर से चोरों ने लाखों रुपये की नकदी और 15 तोले सोने के गहने चुरा लिए, जब परिवार सत्संग में गया था।

फरीदकोट के कोटकपूरा में दिनदहाड़े लाखों की चोरी (फाइल फोटो)
HighLights
कोटकपूरा में दिनदहाड़े घर से लाखों की चोरी हुई
चोरों ने 15 तोले सोना और 6 लाख रुपये चुराए
पुलिस जांच कर रही, स्पीकर ने जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए
जागरण संवाददाता, फरीदकोट। कोटकपूर शहर में चोरी की वारदातों ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जैतो चुंगी के नजदीक रविवार को दिनदहाड़े चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के दौरान घर से करीब 15 तोले सोने के गहने और 6 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली गई।
जानकारी के अनुसार, फतेह चंद छाबड़ा का परिवार रविवार सुबह करीब 9 बजे गांव संधवां स्थित डेरा राधा स्वामी में दीवाली के अवसर पर आयोजित सत्संग में शामिल होने गया था।
परिवार के सदस्य जब करीब 11 बजे वापस घर पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा देखकर हैरान रह गए। घर की जांच करने पर अलमारियों में रखे सोने के गहने और नकदी गायब मिली।
अलमारियों में रखा कीमती सामान चोरी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। उन्होंने रसोई के शीशे तोड़कर कमरों में प्रवेश किया और अलमारियों में रखे कीमती सामान को चोरी कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना सिटी कोटकपूरा की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर परिवार से जानकारी हासिल की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मामले की गंभीरता से जांच करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
परिवार के करीबी रिश्तेदार विजय नरूला ने बताया कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य सत्संग में गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी हुआ सामान बरामद करवाया जाए। इस संबंध में थाना सिटी के एएसआई दलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द काबू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।