हार्ट अटैक की झूठी कहानी रची, गले के निशान ने खोला राज; फरीदकोट में प्रॉपर्टी के लिए बेटे-बहू समेत 5 ने ली बुजुर्ग की जान
फरीदकोट में बेटे-बहू ने संपत्ति के लालच में पिता हरजिंदर सिंह की हत्या कर दी। उन्होंने पहले चाय में नींद की गोलियां मिलाकर बुजुर्ग को बेहोश किया, फिर साफे से गला घोंटकर मार डाला।

हरजिंदर सिंह फाइल फोटो
HighLights
बेटे-बहू ने संपत्ति के लालच में पिता की हत्या की।
चाय में नींद की गोलियां मिलाकर बेहोश कर गला घोंटा।
फरीदकोट में पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज।
जागरण संवाददाता. फरीदकोट। संपत्ति अपने नाम करवाने और पैसों की मांग को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद आखिरकार एक बुजुर्ग की मौत का कारण बन गया।
फरीदकोट जिले के गांव मत्ता निवासी हरजिंदर सिंह की उसके बेटे, बहू समेत पांच ने मिलकर हत्या कर दी। शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने पहले बुजुर्ग को चाय में नींद की गोलियां मिलाकर पिलाईं और बेहोश होने के बाद कथित तौर पर साफे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
बेटी ने पिता के गले पर निशान देखकर जताया संदेह
मामला 21 नवंबर की रात का है। मृतक की बेटी सुखप्रीत कौर पत्नी बलराज सिंह निवासी गांव बरकंदी, जिला श्री मुक्तसर साहिब ने पुलिस को बताया कि उसके भाई हरविंदर सिंह उर्फ निक्का ने फोन कर पिता की मौत की सूचना दी थी। उसे बताया गया कि हरजिंदर सिंह की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है।
सूचना मिलने पर जब सुखप्रीत कौर गांव मत्ता स्थित अपने मायके पहुंची तो पिता के शव के गले पर निशान देखकर उसे मौत के कारणों पर संदेह हुआ। इसके बाद उसने अपनी मां सुखविंदर कौर से बातचीत की और पुलिस को शिकायत देकर मामले की जांच की मांग की।
पारिवारिक विवाद के बाद साथियों को बुलाने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, 21 नवंबर को हरविन्दर सिंह का साला चरणजीत सिंह निवासी जैतसर मंडी भी घर आया हुआ था। इस दौरान पारिवारिक मामलों को लेकर हरजिंदर सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि इसके बाद बेटे हरविंदर सिंह उर्फ निक्का ने अपने दोस्त धर्मेंद्र सिंह उर्फ भिंडर उर्फ बकरा और एक अन्य अज्ञात युवक को भी घर बुला लिया। पुलिस को दिए बयानों के अनुसार, सभी ने कथित तौर पर मिलकर हरजिंदर सिंह की हत्या की योजना बनाई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस साजिश के तहत बहू कोमल ने हरजिंदर सिंह की चाय में नींद की गोलियां मिला दीं। चाय पीने के बाद जब बुजुर्ग बेहोश हो गया तो रात करीब 11:30 बजे आरोपितों ने उसे काबू कर लिया।
आरोप है कि हरविंदर सिंह, चरणजीत सिंह, धर्मेंद्र सिंह और उनके अज्ञात साथी ने बुजुर्ग के हाथ-पैर पकड़ लिए, जबकि कोमल ने साफे से उसका गला घोंट दिया। इस कथित वारदात में हरजिंदर सिंह की मौत हो गई।
मकान अपने नाम करवाना चाहता था बेटा
शिकायतकर्ता सुखप्रीत कौर ने पुलिस को बताया कि उसका भाई हरविंदर सिंह अक्सर पिता से पैसों की मांग करता रहता था। इसके अलावा वह पिता का मकान भी अपने नाम करवाना चाहता था, लेकिन हरजिंदर सिंह इसके लिए तैयार नहीं थे।
इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस को दी गई शिकायत में संपत्ति विवाद और पैसों की मांग को हत्या के पीछे की मुख्य रंजिश बताया गया है।
पांच आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने सुखप्रीत कौर के बयानों के आधार पर हरविंदर सिंह उर्फ निक्का, उसकी पत्नी कोमल, चरणजीत सिंह, धर्मेंद्र सिंह उर्फ भिंडर उर्फ बकरा और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।