ISI के जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़, भेजी जा रही थी सेना की सीक्रेट जानकारी; फरीदकोट से महिला गिरफ्तार और 2 जवान नामजद
फरीदकोट निवासी एक महिला और दो सैन्य कर्मियों पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI को भारतीय सैन्य ठिकानों की गोपनीय सूचनाएं भेजने का आरोप लगा है।
-1791650975421_m.webp)
ISI के जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़, फरीदकोट से महिला गिरफ्तार।
HighLights
महिला गुरनूर सिद्धू ISI को सूचनाएं भेजती थी।
दो सैन्य कर्मियों पर गोपनीय जानकारी जुटाने का आरोप।
आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत मामला दर्ज।
जागरण संवाददाता, फरीदकोट। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और पाकिस्तानी सेना को भारतीय सैन्य ठिकानों से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं भेजने के आरोप में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), फाजिल्का ने जहां फरीदकोट निवासी महिला को गिरफ्तार किया है।
वहीं, दो सैन्य कर्मियों को नामजद किया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम, 1923 की धारा 3 और 4 के तहत केस दर्ज किया है।
एफआईआर में सेना के दो जवान तथा फरीदकोट के हरिंद्रा नगर निवासी गुरनूर सिद्धू के नाम शामिल हैं। पुलिस का आरोप है कि इन तीनों ने कथित तौर पर एक गिरोह बनाया हुआ था, जिसके पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और पाकिस्तानी सेना से संबंध थे। पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के सेना के दो जवान सैन्य छावनियों से संबंधित गोपनीय एवं महत्वपूर्ण सूचनाएं एकत्र करते थे।
ISI तक पहंचाई जाती थी खुफिया जानकारी
पुलिस के मुताबिक इन सूचनाओं को उनकी कथित महिला सहयोगी गुरनूर सिद्धू के माध्यम से मोबाइल फोन और टैबलेट के जरिए इंटरनेट की सहायता से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई तथा पाकिस्तानी सेना तक पहुंचाया जाता था।
पुलिस का कहना है कि इस कथित गतिविधि से देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचने की आशंका थी। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि कथित तौर पर किस प्रकार की सूचनाएं एकत्र की गईं, उन्हें किस माध्यम से भेजा गया और इस मामले में अन्य कोई व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार
गौरतलब है कि गत 8 अक्टूबर एसएसओसी फाजिल्का के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतीश कुमार पुलिस टीम के साथ खुफिया अभियान और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में निकले हुए थे। टीम में सब-इंस्पेक्टर प्रशांत कंबोज सहित अन्य पुलिस कर्मचारी शामिल थे।
पुलिस पार्टी जब फिरोजपुर जिले में गांव रुकना बेगू के पास सेम नाले के पुल पर पहुंची, तो शाम करीब 3:50 बजे एक मुखबिर ने सूचना दी कि गुरनूर सिद्धू फिरोजपुर के किला चौक से हुसैनीवाला बॉर्डर रोड पर रेलवे फाटक के पास निर्माणाधीन पुल के नजदीक घूम रही है।
मुखबिर ने आशंका जताई कि महिला के पास कथित तौर पर गोपनीय सूचनाएं भेजने में इस्तेमाल किया जाने वाला टैबलेट और अन्य सामग्री हो सकती है। सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करने और महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
