शादी समारोह में दूल्हे के रिश्तेदार ने चलाई गोली, एक बच्चे की मौत, एक गंभीर
शादी समारोह में दूल्हे के रिश्तेदारों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इसके कारण एक बच्चे को गोली लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
जेएनएन, कोटकपूरा [फरीदकोट]। शादी समारोह के दौरान संगीत समारोह चल रहा था। लोग डीजे की धुन पर नाच रहे थे, लेकिन इसी दौरान अचानक समारोह मातम में बदल गया। समारोह में दूल्हे के मामा अवतार सिंह उर्फ काका व मौसा बलविंदर सिंह अपने रिवाल्वर से फायर करने लगे। फायिरंग में गोली दो बच्चों को लग गई। एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
शनिवार रात्रि आनंद नगर की गली नं. 9 निवासी हरमंदर सिंह के पुत्र बिक्रमजीत सिंह की शादी का संगीत समारोह था। समारोह के दौरान रिश्तेदारों के साथ-साथ आस-पड़ोस के लोग भी आए हुए थे और समारोह पूरा चरम पर था। लोग डीजे पर नाच-गा रहे थे। समारोह में पड़ोसी कुलविंदर सिंह पुत्र तोता सिंह भी अपने आठ वर्षीय पुत्र के साथ शामिल हुआ था। इसी दौरान दूल्हे के मामा अवतार सिंह उर्फ काका व मौसा बलविंदर सिंह अपने रिवाल्वर से फायर करने लगे। फायर करने के लिए सभी ने उन्हें रोका, लेकिन वे नहीं माने और फिर अवतार सिंह से रिवाल्वर छीन की बलविंदर सिंह द्वारा किए गए एक फायर से एक गोली वहीं बालकोनी में खेल रहे बच्चों में से विक्रमजीत की पीठ पा जा लगी और वह वहीं गिर गया।
विक्रमजीत के पिता कुलविंदर सिंह व उसका भाई सुरिंदर सिंह उसे गाड़ी में तुरंत सिविल अस्पताल लेकर गए जहाँ विक्रमजीत को मृत घोषित कर दिया गया। उधर इसी घटना में हवलदार जगसीर सिंह के पुत्र कमरीन बराड़ को भी गोली लगी, जो अस्पताल में उपचारधीन है।
उल्लेखनीय है कि विक्रमजीत अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। इसके पश्चात पुलिस को सूचित किया गया। एएसआइ कशमीर सिंह के अनुसार शिकायत के आधार पर उनके द्वारा आरोपी बलविंदर सिंह व अवतार सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके अगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।