विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

1.12 किलो हेरोइन के साथ महिला व युवक गिरफ्तार, फरीदकोट में सीआईए की बड़ी स्ट्राइक

Published: Sat, 03 Oct 2026 02:03 PM (IST)

फरीदकोट पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.12 किलो हेरोइन के साथ एक महिला और एक युवक को गिरफ्तार किया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. फरीदकोट पुलिस ने 1.12 किलो हेरोइन के साथ दो को पकड़ा

  2. गिरफ्तार आरोपियों से ड्रग मनी, मोबाइल, मोटरसाइकिल भी बरामद

  3. फाजिल्का-फिरोजपुर से लाई गई थी हेरोइन की खेप

जागरण संवाददाता, फरीदकोट। फरीदकोट पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 118 ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक और एक महिला को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से हेरोइन के अलावा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 5100 रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की है। पुलिस अब बरामद नशे की खेप के स्रोत और आगे इसकी सप्लाई किए जाने वाले नेटवर्क के बारे में जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई दो अक्टूबर को सीआइए स्टाफ फरीदकोट की टीम ने गांव खारा के पास बंद पड़े पेट्रोल पंप के नजदीक की। पुलिस पार्टी गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान जैतो से हरिनौ मोड़, खारा होते हुए कोटकपूरा की तरफ जा रही थी।

इसी दौरान एक मोटरसाइकिल के पास एक युवक और महिला संदिग्ध हालत में खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद तलाशी ली।

मौके पर पहुंचे डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार की मौजूदगी में कानूनी प्रक्रिया के तहत तलाशी लेने पर आरोपितों से 1 किलो 118 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 5100 रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान साजन कुमार पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी गांव पंजेके उत्तर, जिला फिरोजपुर, उम्र करीब 23 वर्ष और राज कौर उर्फ छिंदर पत्नी बलजीत सिंह निवासी चंडीगढ़ बस्ती, लाधू का मंडी, जिला फाजिल्का, उम्र करीब 37 वर्ष के रूप में हुई है।

फाजिल्का-फिरोजपुर से लाई गई थी खेप

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित यह हेरोइन की खेप फाजिल्का/फिरोजपुर जिले से लेकर आए थे और इसे आगे पंजाब के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक राज कौर के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ थाना सदर फाजिल्का में वर्ष 2022 में विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला तथा वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं।

24 घंटे में एनडीपीएसg एक्ट के 10 केस, 14 गिरफ्तार

एसपी (स्थानीय) फरीदकोट जसप्रीत सिंह ने बताया कि 'युद्ध नशों के विरुद्ध' अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पिछले 24 घंटों में एनडीपीएस एक्ट के तहत 10 मामले दर्ज कर 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

इसके अलावा प्रतिबंधित प्रेगाबालिन कैप्सूल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो मामले दर्ज कर 146 कैप्सूल बरामद किए गए और तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को कानून के अनुसार बख्शा नहीं जाएगा और नशा तस्करी की हर कड़ी तक पहुंचने के लिए पुलिस की जांच जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें- त्योहारों पर रेलवे चलाएगा दो स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन; UP, पंजाब, हरियाणा और बिहार के कई स्टेशनों पर होगा ठहराव