त्योहारों पर रेलवे चलाएगा दो स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन; UP, पंजाब, हरियाणा और बिहार के कई स्टेशनों पर होगा ठहराव
उत्तर रेलवे ने त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दो विशेष आरक्षित एक्सप्रेस ट्रेनें चलाने का ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
उत्तर रेलवे ने दो विशेष आरक्षित एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया।
वाराणसी-बठिंडा और फिरोजपुर-पूर्णिया के बीच चलेंगी ये ट्रेनें।
संवाद सहयोगी, नजीबाबाद (बिजनौर)। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दो विशेष आरक्षित एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है।
मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक कार्यालय के अनुसार, दोनों विशेष ट्रेनें निर्धारित तिथियों पर संचालित की जाएंगी। इनके संचालन से उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और बिहार सहित विभिन्न क्षेत्रों के यात्रियों को लाभ मिलेगा।
उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के अनुसार पहली ट्रेन संख्या-04221/04222 वाराणसी-बठिंडा-वाराणसी आरक्षित विशेष एक्सप्रेस होगी। यह ट्रेन अक्टूबर और नवंबर में प्रत्येक रविवार को वाराणसी से तथा प्रत्येक सोमवार को बठिंडा से संचालित होगी। वाराणसी से ट्रेन रात 08:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 08:40 बजे मुरादाबाद और सुबह 09:58 बजे नजीबाबाद पहुंचेगी।
यहां दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन सहारनपुर के लिए रवाना होगी। सहारनपुर से होते हुए यह ट्रेन अंबाला, राजपुरा, पटियाला और धूरी सहित विभिन्न स्टेशनों से होकर बठिंडा पहुंचेगी। बठिंडा से वापसी में ट्रेन सोमवार को रवाना होकर मंगलवार को नजीबाबाद पहुंचेगी।
इसके अलावा दूसरी ट्रेन संख्या-04634/04633 फिरोजपुर-पूर्णिया-फिरोजपुर आरक्षित विशेष एक्सप्रेस आठ अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को फिरोजपुर से तथा 10 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को पूर्णिया से संचालित होगी। दोनों ट्रेनें एलएचबी कोच से संचालित होंगी और पूरी तरह आरक्षित विशेष एक्सप्रेस श्रेणी में रहेंगी। त्योहारों के दौरान अतिरिक्त यात्री दबाव को कम करने के उद्देश्य से इनका संचालन किया जा रहा है।
मुरादाबाद मंडल के संबंधित अधिकारियों और स्टेशनों को ट्रेन संचालन की जानकारी सूचना पट्ट एवं उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों तक पहुंचाने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए हैं।
इन स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
- यह ट्रेन फिरोजपुर से चलकर चंडीगढ़, अंबाला, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, छपरा, हाजीपुर, बरौनी, खगड़िया और कटिहार होते हुए पूर्णिया पहुंचेगी। इस ट्रेन का मुरादाबाद में पांच मिनट और सहारनपुर में पांच मिनट का ठहराव निर्धारित किया गया है।
