आय से अधिक संपत्ति का मामला: विजिलेंस ने फरीदकोट के पूर्व कांग्रेस विधायक किक्की ढिल्लों को किया गिरफ्तार
विजिलेंस द्वारा कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच की जा रही थी। इसी मामले में विजिलेंस की जांच में सामने आया है कि किक्की ढिल्लों द्वारा अपने आय स्त्रोतों से अधिक संपत्ति बनाई गई।
फरीदकोट, जागरण संवाददाता। आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस ब्यूरो ने फरीदकोट के पूर्व कांग्रेसी विधायक कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों को गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ने किक्की ढिल्लों के साथ-साथ उनके दो साथियों पर भी केस दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि विजिलेंस द्वारा कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच की जा रही थी। इसी मामले में विजिलेंस की जांच में सामने आया है कि किक्की ढिल्लों द्वारा न सिर्फ अपने आय स्त्रोतों से अधिक संपत्ति बनाई गई बल्कि फरीदकोट की तहसील सादिक के गांव मुमारा में किसी अन्य व्यक्तियों के नाम पर जायदाद भी खरीदी गई है।
विजिलेंस ने किक्की ढिल्लों के साथ-साथ फरीदकोट जिला निवासी गुरसेवक सिंह व जिला फिरोजपुर के गांव नानकसर शहीद निवासी राजविंदर सिंह पर भी भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है।
पूर्व विधायक पर क्यों कसा गया शिकंजा
विजिलेंस के एक प्रवक्ता ने बताया कि ब्यूरो द्वारा पूर्व विधायक की सभी चल और अचल संपत्तियों का आकलन किया गया। जांच के दौरान, यह पाया गया कि पूर्व विधायक ने अपनी शुद्ध आय से अधिक संपत्ति बनाई थी और गांव मुमारा, तहसील सादिक, जिला फरीदकोट में अन्य व्यक्तियों के नाम पर संपत्ति खरीदी थी। उन्होंने कहा कि जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित ने अपनी आय के ज्ञात स्रोतों का लगभग 245 प्रतिशत खर्च किया है।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि इस संबंध में उपरोक्त सभी आरोपियों के खिलाफ सतर्कता ब्यूरो थाना फिरोजपुर रेंज में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1), 13(2) और आईपीसी की धारा 120-बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में पूर्व विधायक को गिरफ्तार कर लिया गया है और कल उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले की आगे की जांच जारी है।