करोड़ों के फ्लैट, बुनियादी सुविधाएं नहीं; मोहाली के जीरकपुर में एवी इंफ्राटेक सोसायटी में हजारों परिवार परेशान
जीरकपुर की एवी इंफ्राटेक सोसायटी में करोड़ों के फ्लैट्स के बावजूद निवासी बुनियादी सुविधाओं की कमी से परेशान हैं। मेंटेनेंस शुल्क के बावजूद जनरेटर डीजल की कमी और आरडब्ल्यूए गठन न होने से लोग प्रबंधन से हिसाब व सुधार की मांग कर रहे हैं।
HighLights
एवी इंफ्राटेक सोसायटी में रहने वाले परिवारों ने दिया धरना।
पांच साल से अधिक समय से आरडब्ल्यूए का गठन नहीं।
जनरेटर के लिए डीजल की कमी, बिजली बैकअप प्रभावित।
जागरण संवाददाता, जीरकपुर (मोहाली)। जीरकपुर स्थित एवी इंफ्राटेक सोसायटी में करोड़ों रुपये के फ्लैट्स हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाएं न होने से हजारों परिवार परेशान हैं। ऐसे में सोसायटी में रहने वालों और प्रबंधन के बीच नाराजगी बढ़ रही है।
लोगों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन नियमित रूप से मेंटेनेंस शुल्क वसूलने के बावजूद जरूरी सुविधाएं नहीं दे रहा। उनका कहना है कि बिजली गुल होने पर बैकअप के लिए सोसायटी के जेनरेटर को चलाने के वास्ते पर्याप्त डीजल भी उपलब्ध नहीं है।
निवासियों के मुताबिक, जेनरेटर नहीं चलने की स्थिति में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर लिफ्ट और पानी की सप्लाई समेत जरूरी व्यवस्थाएं प्रभावित हो सकती हैं। इससे बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अधिक परेशानी होगी। उन्होंने सवाल किया कि हर महीने वसूले जा रहे मेंटेनेंस शुल्क का उपयोग कहां हो रहा है।
निवासियों की एक अन्य शिकायत है कि सोसायटी में पांच साल से अधिक समय बीतने के बाद भी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) का गठन नहीं हुआ। उनका आरोप है कि प्रबंधन उन्हें सामूहिक रूप से समस्याएं उठाने और प्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं दे रहा।
निवासियों ने मेंटेनेंस शुल्क का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक करने, आरडब्ल्यूए गठन की प्रक्रिया शुरू करने, जेनरेटर के लिए पर्याप्त डीजल देने और बुनियादी सुविधाएं नियमित रखने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत करेंगे और लोकतांत्रिक व कानूनी तरीके से विरोध करेंगे। उनका कहना है कि शुल्क देने वालों को सुविधाएं और सम्मानजनक जीवन मिलना उनका अधिकार है।