विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुलिस चौकी के बाहर युवती ने खुद को लगाई आग; बड़ी वजह आई सामने, मोहाली के DC-SSP से रिपोर्ट तलब

Published: Thu, 30 Apr 2026 04:24 PM (IST)

दुष्कर्म केस में पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर जीरकपुर में एक युवती ने पुलिस चौकी के बाहर खुद को आग ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. दुष्कर्म केस में पुलिस कार्रवाई से खफा युवती ने खुद को आग लगाई।

  2. पंजाब महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लिया, रिपोर्ट तलब की।

  3. बलटाना चौकी इंचार्ज और जांच अधिकारी को लाइन हाजिर किया गया।

संवाद सहयोगी, जीरकपुर (मोहाली)। दुष्कर्म केस में पुलिस कार्रवाई से खफा बलटाना पुलिस चौकी के बाहर खुद को आग लगाने वाली युवती चंडीगढ़ पीजीआई में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। इस मामले ने तूल पकड़ते ही पंजाब राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया और मोहाली के डीसी और एसएसपी से रिपोर्ट तलब की।

पुलिस अधिकारियों ने बलटाना चौकी इंचार्ज और केस के जांच अधिकारी को लाइन हाजिर कर विभागीय जांच शुरू कर दी है। यह मामला प्रेम संबंध, कर्ज और कथित दुष्कर्म से जुड़ा हुआ है।

युवती पंचकूला की रहने वाली है और उसका एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। युवक ने काम न होने का हवाला देकर युवती को साथ मिलकर सैलून खोलने का झांसा दिया। सैलून खोलने के नाम पर करीब 5 लाख रुपये का खर्च बताया गया, जिसमें युवती ने 2 लाख रुपये नकद दिए, जबकि बाकी रकम के लिए उसके नाम पर लोन करवाया गया।

आरोप है कि युवक ने चालाकी से युवती के नाम पर लोन लिया और उसकी बहन के नाम पर आईफोन भी फाइनेंस करवाया। कुछ महीनों बाद दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद युवक ने पैसे लौटाने की मांग शुरू कर दी।

इसी दौरान युवती ने आरोप लगाया कि युवक उसे बलटाना क्षेत्र के एक निजी होटल में ले जाकर बार-बार दुष्कर्म करता रहा। युवती पहले पंचकूला पुलिस के पास गई, जहां से मामला घटनास्थल के आधार पर उसे बलटाना चौकी भेज दिया गया।

युवती ने कुछ दिन पहले बलटाना चौकी में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। युवती का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई में ढिलाई बरत रही थी और इसी से परेशान होकर उसने चौकी के बाहर खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली। पीजीआई में भर्ती युवती ने एसडीएम के सामने वीडियो रिकॉर्डिंग में बयान दिए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। यह भी कहा गया है कि यदि किसी पुलिस कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और पूरे मामले ने पुलिस कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।