मोहाली की बलटाना फर्नीचर मार्केट में लगी भीषण आग, दमकल की 8 गाड़ियों ने पाया काबू; 22 दुकानें जलकर खाक
जीरकपुर की बलटाना फर्नीचर मार्केट में भीषण आग लगने से 22 शेड और लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
HighLights
बलटाना फर्नीचर मार्केट में भीषण आग लगी
करीब 22 फर्नीचर शेड जलकर राख हुए
सुरक्षा इंतजामों पर फिर से उठे सवाल
संवाद सहयोगी, जीरकपुर। बलटाना की फर्नीचर मार्केट में एक बार फिर आग ने भारी तबाही मचाई। भीषण आग की चपेट में आने से करीब 22 फर्नीचर शेड जलकर राख हो गए।
शेड में रखा लाखों रुपये का फर्नीचर और अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को अपना सामान बाहर निकालने तक का मौका नहीं मिला। आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की सात से आठ गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस दौरान आग को आसपास के अन्य शेडों तक फैलने से रोकने के लिए भी प्रयास किए गए। हादसे में कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हो सका है।
बार-बार अग्निकांड, फिर भी नहीं सुधरे सुरक्षा इंतजाम
बलटाना की इस फर्नीचर मार्केट में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार यहां आग लगने से कारोबारियों का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका है। बार-बार होने वाले अग्निकांड के बावजूद मार्केट में स्थायी अग्निशमन व्यवस्था नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं।
कारोबारियों का कहना है कि हर बार आग लगने के बाद कुछ समय तक सुरक्षा इंतजामों को लेकर चर्चा होती है, लेकिन बाद में स्थिति जस की तस रह जाती है।
मार्केट में पर्याप्त अग्निशमन उपकरण, पानी की उपलब्धता और आपातकालीन व्यवस्था नहीं होने से ऐसे हादसों में नुकसान बढ़ने का खतरा बना रहता है। दुकानदारों ने प्रशासन से मार्केट का सुरक्षा ऑडिट करवाने और स्थायी अग्निशमन व्यवस्था करने की मांग की है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है।