विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 04, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मां शबनम बोलीं- कैंसर से उबर कर और मजबूत हुआ युवी

By Sunil Kumar JhaEdited By:
Published: Sun, 04 Feb 2018 09:37 AM (GMT+05:30)Updated: Sun, 04 Feb 2018 12:10 PM (GMT+05:30)

स्‍टार क्रिकेटर युवराज सिंह की मां शबनम सिंह ने कैंसर से लड़ाई में युवी के संघर्ष के कई राज खोले। ...और पढ़ें

मां शबनम बोलीं- कैंसर से उबर कर और मजबूत हुआ युवी
मां शबनम बोलीं- कैंसर से उबर कर और मजबूत हुआ युवी

चंडीगढ़, [विकास शर्मा]। स्‍टार क्रिकेटर युवराज सिह की मां शबनम सिंह का कहना है कि कैंसर को हराने के बाद युवी और मजबूत हुआ है। कैंसर लाइलाज नहीं है। इसका इलाज हो सकता है, लेकिन यह तभी संभव है जब बीमारी शुरुआत में ही पकड़ में आ जाए।  शबनम सिंह ने वर्ल्‍ड कैंसर डे पर बताया कि कैसे युवराज सिंह ने इस गंभीर बीमारी पर जीत हासिल की। उन्‍होंने कैंसर से लड़ाई और उसे हराने में युवराज के हौसले व संघर्ष को लेकर कई राज खोले।

मां ने खोले युवराज के संघर्ष के राज,कहा- बीमारी के बाद युवी की जिंदगी में आए कई बदलाव

एक खास बातचीत में युवी की मां ने बताया कि कैंसर से लड़ने के बाद उनके बेटे की जिंदगी में काफी बदलाव आया है। वह अब मानसिक रूप से पहले से भी अधिक मजबूत हुआ है। जिंदगी को लेकर उसकी सोच सकारात्मक हुई है। इस बीमारी से लड़ रहे लाखों लोगों के लिए वह एक तरह से प्रेरणा स्रोत बन गया है।

आज पूरा परिवार यू वी कैन से जुड़कर लड़ रहा है कैंसर के खिलाफ लड़ाई

शबनम सिंह ने बताया कि युवी के चेहरे पर हमेशा शरारती मुस्कान रहती थी, पर जैसे ही उसे कैंसर होने का पता चला, उसके चेहरे से मुस्कान गायब हो गई। डॉक्टर और मेरे सामने यही चुनौती थी कि युवी टूटे नहीं। कुछ काउंसलिंग के बाद युवी के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। इसके बाद वह मुस्कुराते हुए कहता था, अब कैंसर को भी मारूंगा। उसे खुद पर यकीन था और इसीलिए वह इससे उबर पाया।

अपनी मां शबनम सिंह के साथ युवराज सिंह।

भारत में भी बेहतर इलाज

शबनम ने बताया कि कैंसर का इलाज इंडिया में भी संभव है, लेकिन ज्यादातर लोगों को आखिरी स्टेज में इस बीमारी के बारे में पता चलता है। लोग कैंसर के बारे में जागरूक होंगे तो इस बीमारी से बच भी सकेंगे। इसलिए युवी की एनजीओ यू वी कैन लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करती है। युवी खुद देश भर में कैंसर से जुड़े जागरूकता अभियानों में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लेता है।

अब युवी और मेरी जिंदगी के मायने अलग हैं

उन्‍होंने कहा, कैंसर के बाद युवी की जिंदगी में कई बदलाव देखे हैं। वह अब बहुत गंभीर हो गया है, उसके जीने के अंदाज और व्यवहार में काफी बदलाव आया है। अब वह हर पल को जीना चाहता है। अब अगर कोई कहता है कि उसे भी कैंसर हुआ है तो युवी उसे काफी गंभीरता से लेता है उसकी हर संभव मदद भी करने की कोशिश करता है। यही वजह है कि आज हमारा पूरा परिवार यू वी कैन के माध्यम से कैंसर की लड़ाई में लोगों के साथ खड़ा है।

जागरूकता के लिए हर प्रयास जारी

शबनम ने बताया कि यू वी कैन से जुड़े कार्यकर्ता गांवों में, स्कूलों में जाकर लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करते हैं। शनिवार को हमारे कार्यकर्ताओं ने नोएडा में लोगों को नुक्कड़ नाटक कर कैंसर के प्रति जागरूक किया। कैंसर का इलाज काफी महंगा है इसलिए हर रोज 60 से 70 लोग उन्हें मदद के लिए अप्रोच करते हैं, लेकिन अभी तक हम किसी मरीज की कोई आर्थिक मदद नहीं कर पाते हैं, भविष्य में हम मरीजों की आर्थिक मदद भी कर सकें, इसके लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।