महंगाई के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन
दिनोंदिन बढ़ रही महंगाई और बेरोजगारी पर चंडीगढ़ युवा कांग्रेस ने सोमवार को प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : दिनोंदिन बढ़ रही महंगाई और बेरोजगारी पर चंडीगढ़ युवा कांग्रेस ने सोमवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता सांसद किरण खेर के आवास का घेराव करना चाहते थे, जिन्हें पुलिस ने रोक लिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मनोज लुबाना ने कहा कि वह सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल और अन्य सभी चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस विरोध के लिए मुख्य मुद्दा खाद्य पदार्थो, राशन, सिलेंडर, पेट्रोल आदि में मूल्य वृद्धि हो रही है, क्योंकि यह हर एक व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकता है। इनकी उज्ज्वला योजना भी विफल हो चुकी है, तो सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि लोगों को बहुत प्रभावित कर रही है। साथ ही अगर किसानों को पेट्रोल-डीजल पर ज्यादा खर्च करना पड़े तो हर चीज के दाम और भी बढ़ जाएंगे।
पुलिस की मौजूदगी पर लुबाना ने कहा कि यहां प्रदर्शनकारियों से ज्यादा पुलिस है, जिससे पता चलता है कि वे हमसे डरे हुए हैं और हमें डराना भी चाहते हैं, लेकिन हम रुकेंगे और डरेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि जिस गति से बेरोजगारी और कीमतें बढ़ रही हैं और लोगों की आय घट रही है, वह चिता का विषय है। इस मौके पर संदीप कुमार, प्रीति गुप्ता, सुखदेव भोरिया, सिमरनप्रीत सिंह, परदीप कुमार, लवली ठाकुर, हरमन, यतिन मेहता, पवन उमेश जप्पी, प्रताप राणा, प्रीतराज सिंह कांग, संटू सिंह, मंजूर खान, पवन गुप्ता, नीरज शर्मा, इकबाल और हनी लुबाना को भी विरोध के दौरान गिरफ्तार किया गया।