कैनवास के नन्हे कलाकार
पेंटिग स्कल्प्चर और तस्वीर कला के तीन रूप जिससे सजी है कला संगम प्रदर्शनी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : पेंटिग, स्कल्प्चर और तस्वीर कला के तीन रूप जिससे सजी है कला संगम प्रदर्शनी। ये प्रदर्शनी पंजाब कला भवन-16 में सोमवार से प्रदर्शित हुई। जिसमें ट्रिब्यून मॉडल स्कूल-29 के 75 स्टूडेंट्स ने अपनी कला प्रदर्शित की। प्रदर्शनी का उद्घाटन विवेक हाई स्कूल-38 के चेयरमैन हरमीत सिंह ने किया। प्रिसिपल वंदना सक्सेना ने कहा कि ये प्रदर्शनी छात्रों के हौसले को बढ़ाएगी। इतनी छोटी उम्र में उन्हें ये मौका मिला है कि उनका कार्य किसी प्रतिष्ठित हॉल में आयोजित हुआ।
वर्ली पेंटिग से लेकर बेसिक स्क्ल्प्चर तक
प्रदर्शनी में विभिन्न थीम पर आधारित पेंटिग दिखी। कक्षा दसवीं की छात्रा समीक्षा की पेंटिग रंगों से भरी है। जिसमें भगवान गौतम बुद्ध को एक अलग अंदाज में दिखाया है। समीक्षा ने कहा कि हमारी दुनिया रंगारंग होती है। ऐसे में मैंने जब भगवान बुद्ध को सोचा तो कुछ इन्हीं रंगों में पाया। मयंक और अनुभा महाराष्ट्र की वर्ली पेंटिग के साथ पहुंचे हैं। दोनों ने कहा कि हमें ये पेंटिग का स्टाइल पसंद आया। खासकर इसमें हमारे देश के ट्राइबल इलाकों की छवि है, ऐसे में हमने इसे बनाया। मयंक ने कहा कि मैं पंजाब से हूं, तो वर्ली पेंटिग में मैंने पंजाब के रंग भी भरे हैं। गुरजीत सिंह ने अपने स्कल्प्चर में म्यूरल फॉर्म बनाई। जिसमें एक शख्स को थ्री डी के रूप में देखता हुआ दिखाया गया है। गुरजीत ने कहा कि उन्होंने सीमेंट पर स्कल्प्चर की तकनीक सीखी है। शुरुआत इंसान की छवि से की, ये थोड़ा मुश्किल था। मगर मेरा हाथ इसमें पहले से ही बैठा हुआ था। ऐसे में इसे मैंने बनाया। साक्षी यादव ने प्रदर्शनी में जीव जंतुओं को दिखाया है। उन्होंने कहा कि मेरी पेंटिग में मधुबनी आर्ट की झलक है। इसमें ट्राइबल और जीवों से जुड़ी हमारी जिदगी दिखाई गई है। पंजाब कला भवन-16 में ये प्रदर्शनी 25 दिसंबर तक रहेगी।